विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में कुत्तों के झुंड ने पीछा किया, मोपेड से गिरे बुजुर्ग की मौत

By Vinit Edited By: Sachin Jha
Published: Mon, 19 Oct 2026 09:53 AM (IST)

गाजियाबाद में कुत्तों के पीछे दौड़ने से मोपेड सवार 66 वर्षीय बुजुर्ग रमेश चंद वर्मा का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिरने से उनकी मौत हो गई।

गाजियाबाद में कुत्तों के झुंड ने पीछा किया ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गाजियाबाद में कुत्तों के झुंड ने पीछा किया ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. कुत्तों के पीछे दौड़ने से मोपेड सवार का संतुलन बिगड़ा।

  2. सड़क पर गिरने से 66 वर्षीय बुजुर्ग रमेश चंद वर्मा की मौत।

  3. गाजियाबाद के सिहानी चुंगी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मेरठ रोड पर सिहानी चुंगी के पास शनिवार रात कुत्तों के भौंकने और पीछे दौड़ने से मोपेड सवार बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया।

सड़क पर गिरने के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सिहानी निवासी 66 वर्षीय रमेश चंद वर्मा के रूप में हुई है। रमेश चंद पेंटर थे और काम से घर वापस लौट रहे थे।

संतुलन बिगड़ने से लगी चोट

सिहानी निवासी रमेश चंद वर्मा शनिवार रात करीब आठ बजे मोपेड से घर जा रहे थे। सिहानी चुंगी के पास कुत्ते भौंकते हुए उनके पीछे दौड़ने लगे। इससे मोपेड का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।सड़क पर गिरते ही उनके सिर में चोट आई।

पुलिस का कहना है कि घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। आसपास मौजूद लोगों ने उनके स्वजन को हादसे की सूचना दी। स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए यशोदा अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी

अस्पताल से देर रात सूचना मिलने के बाद सिहानी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रहे हैं। हादसा होेने के करीब दो घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली।

मामले में स्वजन ने कोई शिकायत नहीं दी है। रविवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि रमेश चंद वर्मा का एक पुत्र है और वह हैदराबाद में काम करता है।

आवारा कुत्ते इस क्षेत्र में लोगों को करते हैं परेशान

सिहानी चुंगी के पास मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र की तरफ जाने वाली सड़क पर रात में कुत्तों का आतंक शुरू हो जाता है। कुत्तों के निशाने पर सबसे ज्यादा दोपहिया चालक रहते हैं।

दोपहिया गुजरते ही कुत्ते भौंकना शुरू कर देते हैं। इसी चक्कर में कई बार दोपहिया चालक का संतुलन बिगड़ जाता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ से दिल्ली जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई, एक यात्री की मौत और 8 घायल