गाजियाबाद के डॉक्टरों का कमाल, 7 घंटे की सर्जरी कर जोड़ा कटा हाथ
इंदिरापुरम के यशोदा मेडिसिटी में डॉक्टरों ने 18 वर्षीय युवक के मशीन से कटे हुए दाहिने हाथ को सात घंटे की माइक्रो-सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक जोड़ दिया।

गाजियाबाद में निर्माण स्थल पर हादसे के बाद युवक का कटा हुआ हाथ दोबारा जोड़ा गया।
HighLights
यशोदा मेडिसिटी में युवक का कटा हाथ सफलतापूर्वक जोड़ा गया।
सात घंटे की माइक्रो-सर्जरी से रक्त संचार बहाल किया गया।
हाथ की पूर्ण कार्यक्षमता में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी में निर्माणाधीन साइट पर हुए हादसे में हाथ गवां चुके युवक की सर्जरी की गई। युवक का हाथ कटकर अलग हो गया, जिसे चिकित्सकों ने जोड़कर इसमें रक्त संचार बहाल कर दिखाया।
अस्पताल के डॉ. शोभित शर्मा ने बताया कि हापुड़ के रहने वाले 18 साल के युवक के पूरी तरह कटे हुए दाहिने हाथ को सफलतापूर्वक रिकंस्ट्रक्ट और रीइंप्लांट किया।

सात घंटे चली सर्जरी में डाक्टरों ने हड्डियों, रक्त वाहिकाओं, नसों, टेंडन्स और साफ्ट टिश्यूज को माइक्रो सर्जरी की मदद से सावधानी से जोड़ा।

कलाई से कट गया था हाथ
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को काम करते हुए युवक का हाथ मशीन में आ गया और कलाई से पूरा कट गया। उसे लेकर अस्पताल आए लोग उसके कटे हाथ को सुरक्षित लाए।
इससे डॉक्टर हाथ को दोबारा जोड़ने के लिए लिंब रिइंप्लांटेशन सर्जरी कर पाए। उन्होंने बताया कि हाथ को सामान्य कार्यक्षमता हासिल करने में समय लगेगा, लेकिन उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में युवक की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होगा।
