गाजियाबाद में DME पर सवारियों से भरी बस पर ताबड़तोड़ 8 राउंड फायरिंग, हेल्पर समेत दो को लगी गोली
गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक डबल डेकर बस पर स्कूटी सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर ...और पढ़ें

डीएमइ पर बस पर की गई फायरिंग की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। सौ- पुलिस
HighLights
डीएमई पर डबल डेकर बस पर बदमाशों ने की फायरिंग।
फायरिंग में बस हेल्पर और एक सवारी गंभीर रूप से घायल।
बस मालिक ने रंगदारी न देने पर हमले का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर मसूरी थानाक्षेत्र में सोमवार देर रात स्कूटी सवार दो बदमाशों ने सवारियों से भरी डबल डेकर बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
डासना में हाईटेक कालेज के सामने मेरठ की ओर जाने वाले रास्ते पर स्कूटी सवार दो युवकों ने बस को निशाना बनाकर आठ गोलियां चलाईं। गोली लगने से बस में सवार हेल्पर और बस मालिक के दोस्त घायल हो गए। घटना के बाद चालक बस लेकर आध्यात्मिक नगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल से जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया गया जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। बस मालिक का आरोप है कि हमलावरों ने रंगदारी के चक्कर में बस पर फायरिंग की है।
स्कूटी सवार बदमाशों ने बस पर की फायरिंग
दिल्ली के उस्मानपुर तीसरा पुस्ता निवासी मोहम्मद आरिफ की डबल डेकर बस रोजाना रात को उस्मानपुर दूसरा पुस्ता से बदायूं सवारी लेकर जाती है। आरिफ के मुताबिक सोमवार रात को भी बस करीब पौने 10 बजे उस्मानपुर से 23 सवारी लेकर रवाना हुई।
बस में चालक सरीफ और बदायूं के अलापुर निवासी हेल्पर 28 वर्षीय तालिब हुसैन भी सवार थे। बस अक्षरधाम के पास से डीएमई में प्रवेश करने के बाद रात करीब पौने 12 बजे जब हाईटेक कालेज के पास पहुंची तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने चालक की तरफ से बस पर फायर कर दिए।
चालक ने खतरा भांप बस के ब्रेक लगा दिए तब स्कूटी थोड़ा आगे निकल गई। इसी बीच हेल्पर तालिब ने हमलावरों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी बीच बस के आगे स्कूटी रोक हमलावर नीचे उतरे और हेल्पर साइड से बस पर फायर कर दिए।

हमले में गोली लगने से हेल्पर तालिब और बस में बैठे उस्मानपुर निवासी 47 वर्षीय कमरूद्दीन घायल हो गए। गोली मारने के बाद मास्क लगाए स्कूटी सवार फरार हो गए।
चालक ने बस तेजी से दौड़ाते हुए वेदांता फार्म हाउस के सामने से डीएमई से निकास लेने के बाद डासना फ्लाईओवर के पास स्थित आध्यात्मिक नगर चौकी पर ले जाकर रोकी और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद घायलों को पहले संतोष अस्पताल फिर जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों की गंभीर स्थिति को देख दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बस मालिक की शिकायत पर दिल्ली के उस्मानपुर निवासी अर्सलान एवं एक अज्ञात के खिलाफ मसूरी थाने में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
बस मालिक मोहम्मद आरिफ ने आरोप लगाया है कि उस्मानपुर निवासी अर्सलान इलाके का बदमाश है और उससे बस चलाने 15 हजार रुपये महीने की रंगदारी मांग रहा था। इन्होंने रंगदारी देने से मना कर दिया तो उसने डराने के लिए बस पर फायरिंग करा दी।
बस में लगी छह गोली
हमलावरों ने बस पर आठ गोलियां चलाईं। इनमें से छह गोलियां बस में लगीं, जबकि दो गोली हेल्पर और एक सवारी के लग गई। हेल्पर खिड़की खोलकर वीडियो बना रहा था, जबकि सवारी ने हमलावरों को देखने के लिए खिड़की से बाहर अपना सिर निकाल लिया था और उसे गोली लग गई।
