विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में अब बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा भारी, साल में 5 से अधिक चालान पर लाइसेंस होगा निलंबित

By Vinit Edited By: Anup Tiwari
Published: Tue, 29 Sep 2026 01:55 AM (IST)

गाजियाबाद में अब यातायात नियमों का पांच से अधिक बार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। यह बदलाव ...और पढ़ें

हापुड़ चुंगी चौराहे पर आईटीएमएस के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरे। जागरण आर्काइव

हापुड़ चुंगी चौराहे पर आईटीएमएस के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरे। जागरण आर्काइव


HighLights

  1. एक साल में पांच से अधिक उल्लंघन पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित होगा।

  2. नेक्स्टजेन ई-चालान 2.0 में तीन फोटो, डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा।

  3. अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट सवारी पर अब सीधे ई-चालान होगा।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर अब लगातार होने वाले उल्लंघन का असर सीधे ड्राइविंग लाइसेंस पर पड़ेगा। एक साल में पांच बार से अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई होगी।

यह बदलाव सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के आधार पर तैयार किए गए नेक्स्टजेन ई-चालान 2.0 में शामिल किया गया है।

नए ई-चालान में सबसे बड़ा बदलाव बार-बार नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई को लेकर है। नए प्राविधान के तहत एक साल में पांच से अधिक बार उल्लंघन करने वाले चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी। यानी बार-बार नियम तोड़कर चालान कटवाना अब केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगा।

अपडेट हुए एप में प्रमुख बदलाव

एक फोटो की जगह तीन फोटो

पुरानी ई-चालान व्यवस्था में एक चालान के साथ केवल एक फोटो संलग्न की जा सकती थी। अब एक ही चालान में तीन फोटो लिए जा सकेंगे। इससे चालान के साथ डिजिटल साक्ष्य मजबूत होगा।

डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा

अब चालान पर अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर होंगे, जिससे दस्तावेज डिजिटल रूप से प्रमाणित रहेगा।

अलग टिप्पणी का सहारा

पुराने एप में ऐसे उल्लंघन जिनके लिए एप में स्पष्ट विकल्प नहीं था, उन्हें अधिकारी को अलग टिप्पणी के माध्यम से दर्ज करना पड़ता था। अब नो पार्किंग का बोर्ड नहीं होने पर भी यदि वाहन सड़क घेरकर यातायात बाधित करता है तो अवैध पार्किंग के हेड में कार्रवाई की जा सकेगी।

इसी तरह दुपहिया वाहन पर पीछे बैठी सवारी के बिना हेलमेट पाए जाने पर सीधे एप से चालान होगा।

चार दिन से चालान बेहद कम, आ रही दिक्कत

चार दिन से आइटीएमएस कैमरों समेत यातायातकर्मियों द्वारा किए जाने वाले चालान रोजाना चार हजार चालान से घटकर बेहद कम हो गए हैं। सोमवार को बामुुश्किल 200 के आसपास चालान हुए हैं।

शुक्रवार से एप को अपडेट किया जा रहा है। सोमवार को एप से कुछ चालान होने शुरू हुए हैं, लेकिन अभी तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।

यह भी पढ़ें- बिजली बिल से वसूला जाएगा ट्रैफिक चालान? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकारों को दिया सुझाव

यह भी पढ़ें- 580 करोड़ के घोटालों की सुनवाई, ट्रैफिक चालानों का निपटारा भी; चंडीगढ़ सीबीआई कोर्ट पर वर्कलोड

 

ई-चालान एप में लगातार अपडेट के चलते जो तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, उनकी जानकारी मुख्यालय को भेजी जा रही है। अपडेट के बाद व्यवस्था को सुचारु किया जा रहा है।

-

वरुण कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक