साहब! पीना तो दूर, हाथ धोने लायक भी नहीं पानी; गाजियाबाद में गहराया शुद्ध जल का संकट
गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। इंदिरापुरम, वसुंधरा और सूर्यनगर जैसे क्षेत्रों में ...और पढ़ें
-1773511611359_m.webp)
गाजियाबाद में शुद्ध जल का संकट गहराया। जागरण
HighLights
ट्रांस हिंडन में दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान।
पानी से दुर्गंध, पीने या हाथ धोने लायक भी नहीं।
जलकल विभाग ने जांच के आदेश दिए, समाधान की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। साहब... पीना तो दूर घरों में हाथ धोने लायक भी पानी नहीं आ रहा है। पानी हाथ में लेते ही दुर्गंध आने लगती है। लगता है जैसे पेयजल नहीं सीवर का पानी हो। ये कहना है ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों के लोगों का।
दरअसल, ट्रांस हिंडन में रोजाना कहीं न कहीं दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। जिम्मेदार विभाग इसका स्थायी समाधान नहीं करा रहे।
इंदिरापुरम के न्याय खंड-एक में शनिवार को दूषित पानी की आपूर्ति हुई। स्थानी निवासी वरुण ने बताया कि पानी इतना गंदा था कि उसमें दुर्गंध आ रही थी। इस पानी को पीना तो दूर की बात है हाथ धोने लायक भी नहीं था।
इसकी शिकायत जलकल विभाग में की तो उन्होंने अपने स्तर से आपूर्ति सामान्य बता दी। जबकि ज्यादातर घरों में गंदा पानी आ रहा था। वसुंधरा सेक्टर-17 में भी गंदे पानी की आपूर्ति हुई।
दो दिनों से घरों में आ रहा दूषित पानी
स्थानीय निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि बीते दो दिन से घरों में दूषित पानी आ रहा है। इसमें सीवर की दुर्गंध आ रही है। पानी इतना गंदा है कि किसी भी कार्य में उपयोग नहीं कर सकते। जलकल विभाग में अभी तक तीन बार शिकायत कर चुके हैं। अभी तक भी अधिकारियों ने सुध नहीं ली है।
टंकी की सफाई में खर्च करने पड़ रहे 400 से 500 रुपये
टंकी में जो पानी स्टोर होता है वह भी दूषित पानी की आपूर्ति होने से गंदा हो जाता है। टंकी को साफ कराने में 400 से 500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। सूर्यनगर के लल्लन सिंह ने बताया कि ये स्थिति माह में तीन से चार बार हो जाती है। जब टंकी की सफाई करानी पड़ती है। इससे हर माह दो हजार रुपये तक टंकी की सफाई में खर्च हो जाते हैं।
कम प्रेशर से हुई पानी की आपूर्ति
राजेंद्र नगर सेक्टर-7 एक घंटे के स्थान पर 20 से 30 मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई। वह भी कम प्रेशर से हुई। इससे लोग टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर सके। बिन पानी के ही गुजारा करना पड़ा। स्थानीय निवासी सुनीता देवी ने बताया कि यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है। आए दिन इस समस्या से जूझना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: गर्मी में बसों के AC तोड़ रहे 'दम', यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
ट्रांस हिंडन के कुछ इलाकों से गंदे पानी की शिकायत मिली है। संबंधित जेई को लाइन की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी फाल्ट मिलेगा उसका मेंटेनेंस कराया जाएगा। - केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग
