गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव वाली पोस्ट शेयर करना पड़ा भारी, मस्जिद घेरने और हमले का दावा करने पर केस दर्ज
गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली एक भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। पोस्ट में आरएसएस सदस्यों द्वारा जामिया मस्जिद पर हमले का झूठा दावा किया गया था।

मुस्लिमों पर हमले में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया था।
HighLights
गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट पर साइबर क्राइम केस दर्ज।
पोस्ट में आरएसएस सदस्यों द्वारा मस्जिद पर हमले का झूठा दावा किया गया।
अज्ञात एक्स अकाउंट संचालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। इंटरनेट मीडिया पर गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। पोस्ट में गाजियाबाद में आरएसएस के सदस्यों के हथियारों के साथ जामिया मस्जिद को घेरने और वहां मौजूद मुस्लिमों पर हमले में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया था।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक अज्ञात एक्स अकाउंट संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बृहस्पतिवार को पुलिस को एक्स यूजर आईडी @annu2030 से एक पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली। आरोप है कि पोस्ट में गाजियाबाद में आरएसएस के सदस्यों के हथियारों के साथ जामिया मस्जिद को घेरने और वहां मौजूद मुस्लिमों पर हमले में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया था।
पुलिस के मुताबिक पोस्ट में हजारों लोगों की भीड़ का वीडियो भी साझा किया गया था। पुलिस ने इसे भ्रामक और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक विद्वेष फैलने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। दारोगा विशाल कुमार की शिकायत ओर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।