दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और लोनी मार्ग पर बनेंगे 3 कल्वर्ट, जलभराव रोकने के लिए गाजियाबाद PWD की बड़ी योजना
पीडब्ल्यूडी दिल्ली-सहारनपुर और लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर 1.42 करोड़ रुपये की लागत से तीन बाक्स कल्वर्ट बनाएगा। इससे इन मार्गों पर ...और पढ़ें

हाइवे पर जलभराव रोकने के लिए पीडब्ल्यूडी ने बनाई योजना। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली-सहारनपुर और लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर बनेंगे तीन बाक्स कल्वर्ट
1.42 करोड़ रुपये की लागत से जलभराव की समस्या होगी दूर
पीडब्ल्यूडी ने टेंडर शुरू किया, छह माह में काम पूरा होगा
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से अब राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों पर 1.42 करोड़ रुपये की लागत से तीन बाक्स कल्वर्ट बनाएगा। इनके बनने के बाद सड़क के नीचे से वर्षा का पानी तेजी से निकल सकेगा और जलभराव की समस्या कम होगी।
तीन प्वाइंट पर 1.42 करोड़ खर्च
पीडब्ल्यूडी ने तीनों स्थानों पर बाक्स कल्वर्ट बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
कार्यदायी संस्था को निर्माण पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। सड़क के नीचे तीन मीटर स्पैन के कल्वर्ट बनाए जाएंगे, जिससे बारिश का पानी सड़क के नीचे से निकल जाएगा।
मामूली बारिश में भर जाता है पानी
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और गाजियाबाद-लोनी मार्ग पर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मामूली बारिश में भी कई स्थानों पर पानी भर जाता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से पक्की सड़कें जर्जर होती हैं।
जलभराव के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में वाहनों के अनियंत्रित होकर पलटने के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते रहे हैं। स्थानीय निवासी और राहगीर लंबे समय से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
लोनी के मुख्य मार्गों को राहत
बाक्स कल्वर्ट बनने से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के साथ लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर भी जल निकासी बेहतर होगी। इससे बारिश के दौरान लोनी के मुख्य मार्गों पर जलभराव कम होने और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन तीन स्थानों पर निर्माण होगा
| स्थान | निर्माण लागत |
|---|---|
| दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, बस स्टैंड नंबर के पास | 43.30 लाख रुपये |
| दिल्ली-सहारनपुर रोड, गोपाल नर्सिंग होम के पास | 43.30 लाख रुपये |
| लोनी-गाजियाबाद रोड, बाग रानप क्षेत्र | 55.60 लाख रुपये |
कुल लागत: 1.42 करोड़ रुपये
सड़क के नीचे से निकलेगा पानी
क्या है बाक्स कल्वर्ट: बाक्स कल्वर्ट सड़क के नीचे बनाया जाने वाला कंक्रीट का चौकोर या आयताकार ढांचा होता है। इसका इस्तेमाल जल निकासी या छोटे नाले के पानी को सड़क के नीचे से आर-पार निकालने के लिए किया जाता है।
पीडब्ल्यूडी के अनुसार, तीन मीटर स्पैन वाले इन कल्वर्ट से बारिश का पानी तेजी से निकल सकेगा और सड़क पर पानी जमा होने की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 10 दिन तक मेगा रेल ब्लॉक: 18 लोकल ट्रेनें रद, रोज 10000 यात्रियों पर पड़ेगा असर
