साहिबाबाद में तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर चोटों के बाद चालक फरार
साहिबाबाद के लाजपतनगर में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें कंधे और कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर सहित कई चोटें आईं।

तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर। तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
लाजपतनगर में बाइक सवार ने महिला को टक्कर मारी।
महिला के कंधे और कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर।
बाइक चालक अस्पताल ले जाने के बहाने फरार।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। थाना क्षेत्र के लाजपतनगर में बाइक सवार युवक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला के कंधे, कूल्हे में फ्रेक्चर हो गया जबकि घुटने, पसली और सिर में चोट आई है।
बाइक सवार महिला को अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
राजेंद्रनगर सेक्टर-तीन निवासी विक्रांत कुमार रघुवंशी ने बताया कि 16 मई को रात करीब पौने आठ बजे उनकी मां किसी काम से लाजपतनगर गई थीं। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद एकत्र हुए लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वह मां को उपचार के लिए अम्बे अस्पताल ले जाने लगे। बाइक सवार युवक उनके साथ अस्पताल जाने लगा।
बाइक तेजी से चलाकर हुआ फरार
रास्ते में वह बाइक को तेजी से चलाकर फरार हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर चोट देखकर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
उन्होंने मां को उपचार के लिए नार्दन रेलवे केंद्रीय अस्पताल नई दिल्ली भर्ती कराया, जहां एक्स-रे किए जाने पर कंधे और कूल्हे में फ्रेक्चर, घुटने, सिर, सीने की पसली में गंभीर चोट का पता चला। उन्होंने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पीड़ित ने बाइक का नंबर बताया है। नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द बाइक सवार को गिरफ्तार कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
