ATM में कैश डालने के नाम पर 77 लाख का गबन, गाजियाबाद में फ्रेंचाइजी संचालक गौरव वर्मा पर केस दर्ज
गाजियाबाद में एटीएम में नकदी डालने के नाम पर 77.28 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
-1792813471308_m.webp)
गाजियाबाद में 77 लाख के गबन का मामला सामने आया। AI जनरेटेड इमेज
HighLights
एटीएम नकदी में 77.28 लाख रुपये के गबन का आरोप।
हिताची पेमेंट सर्विसेज ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कराया।
जीडी सर्विसेज के फ्रेंचाइजी संचालक गौरव वर्मा पर आरोप।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एटीएम में नकदी डालने के लिए दी गई रकम में 77.28 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खास बात यह है कि कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत के बावजूद पहले पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय का रुख किया।
कोर्ट में दी शिकायत
हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में सहायक प्रबंधक घनश्याम ने कोर्ट में शिकायत देकर बताया कि कंपनी विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी डालने और उनके रखरखाव का काम करती है। इसके लिए अलग-अलग शहरों में फ्रेंचाइजी संचालकों के साथ समझौता किया जाता है।
57.60 करोड़ रुपये भेजे
आरोप है कि गाजियाबाद में एटीएम में नकदी डालने और रखरखाव की जिम्मेदारी सेवानगर निवासी जीडी सर्विसेज के फ्रेंचाइजी संचालक गौरव वर्मा को दी गई थी। बीते वर्ष 23 सितंबर से 18 जनवरी के बीच गाजियाबाद के 31 एटीएम में नकदी डालने के लिए फ्रेंचाइजी संचालक के खाते में 57.60 करोड़ रुपये भेजे गए।
रकम वापस करने के बजाय हड़प
आरोप है कि एटीएम में नकदी डालने के लिए दी गई रकम में से 77.28 लाख रुपये का हिसाब नहीं दिया गया। कंपनी ने कई बार संपर्क कर रकम का हिसाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि रकम कंपनी को वापस करने के बजाय हड़प ली गई।
कंपनी ने 8 जुलाई से कई बार पुलिस को शिकायत दी लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। परेशान होकर कंपनी ने कोर्ट में शिकायत दी।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर गौरव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार; बैंक ग्राहकों से करते थे ठगी
