विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में 2 अभ्यर्थियों की मौत, दौड़ के दौरान कार्डियक अरेस्ट की आशंका 

Published: Tue, 06 Oct 2026 11:37 PM (IST)

गाजियाबाद में पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान 24 घंटे में दो अभ्यर्थियों, अतुल और विवेक, की मौत हो गई। ...और पढ़ें

पुलिस के दौरान विवेक कुमार और अतुल की मौत।

पुलिस के दौरान विवेक कुमार और अतुल की मौत।

HighLights

  1. गाजियाबाद पुलिस भर्ती दौड़ में दो अभ्यर्थियों की दुखद मौत

  2. खाली पेट दौड़ने, डिहाइड्रेशन से कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई

  3. भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं और अधिकारियों पर उठे गंभीर सवाल

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही दौड़ में 24 घंटे में दो अभ्यर्थियों की मौत हो गई। दोनों दौड़ते हुए गिरकर बेहोश हो गए थे।

एक अभ्यर्थी मथुरा निवासी अतुल की तबीयत सोमवार सुबह बिगड़ी थी जबकि मंगलवार सुबह दौड़ते हुए शामली निवासी विवेक कुमार अचेत होकर गिर गए। दोनों की अस्पताल में मौत हो गई।

अभ्यर्थियों का इलाज करने वाली चिकित्सक का कहना है कि अस्पताल लाए गए अभ्यर्थियों से जानकारी करने में सामने आया कि सभी खाली पेट दौड़े थे।

पर्याप्त मात्रा में उन्होंने पानी का सेवन भी नहीं किया था। ऐसे में डिहाइड्रेशन हो जाता और कार्डियक एरेस्ट आने की संभावना बढ़ जाती है और मौत हो सकती है।

गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में तीन अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक पुलिस अभ्यर्थियों की दौड़ हो रही है। मंगलवार को 875 अभ्यर्थियों में से 815 अभ्यर्थी ही आए।

दौड़ शुरू होने पर सुबह शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र स्थित गांव पुरमाफी निवासी 23 वर्षीय विवेक दौड़ते हुए अचानक गिर गए। उन्हें तत्काल संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

इससे पूर्व सोमवार सुबह मथुरा के थाना महाबन स्थित गांव कारब निवासी 27 वर्षीय अतुल कुमार अचेत हो गए थे। अतुल को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था।

जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार को अतुल के शव का दिल्ली में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।

डाॅक्टरों ने बताया कार्डियक अरेस्ट हो सकती है वजह

एमएमजी अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डाॅ. संतराम वर्मा ने बताया कि लगातार दौड़ने से हृदय की खून पंप करने क्षमता पर असर पड़ता है। इससे हृदय पर दबाव पड़ता है, जिससे कि कार्डियक एरेस्ट की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में व्यक्ति की मौत भी हो जाती है।

मेरठ में तीन अभ्यर्थियों की हो चुकी है मौत

मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान कुछ दिन पूर्व ही तीन तीन अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। कुछ ही दिन में पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती में पांच अभ्यर्थियों की मौत से उनकी तैयारी, स्वास्थ्य, दौड़ में सुविधा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बयान देने से भी बचते रहे अधिकारी

पीएसी मैदान में चल रही दौड़ में दो अभ्यर्थियों की मौत के बाद पुलिस अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दौड़ के मुख्य नोडल अधिकारी डीसीपी मुख्यालय बलवंत कुमार चौधरी का मंगलवार को फोन ही नहीं उठा।

जबकि नोडल अधिकारी एवं एडीसीपी प्रोटोकाॅल राजेश कुमार पांडेय यह भी नहीं बता पाए कि कितने अभ्यर्थियों ने मंगलवार को दौड़ पूरी की है।

दो अभ्यर्थियों की मौत के बाद भी कमिश्नरेट पुलिस ने कोई बयान या सूचना जारी नहीं की है। जबकि दौड़ शुरू होने से पहले पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया था कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

यह भी पढ़ें- दोस्तों ने शराब पार्टी में ईंट से कूचकर बागपत निवासी युवक को मौत के घाट उतारा, गाजियाबाद में मिला शव