विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोस्तों ने शराब पार्टी में ईंट से कूचकर बागपत निवासी युवक को मौत के घाट उतारा, गाजियाबाद में मिला शव

By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 06 Oct 2026 07:24 PM (IST)

Baghpat News: बागपत में एक युवक की शराब पार्टी में दोस्तों ने ईंट से कूचकर हत्या कर दी। एक साल ...और पढ़ें

अजय यादव का फाइल फोटो और गढ़ीकलंजरी गांव में अंतिम संस्कार के दौरान तैनात पुलिस। जागरण

अजय यादव का फाइल फोटो और गढ़ीकलंजरी गांव में अंतिम संस्कार के दौरान तैनात पुलिस। जागरण

HighLights

  1. एक साल पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया।

  2. गाजियाबाद के मंडोला में ईंट से कूचकर शव खेत में मिला।

संवाद सूत्र, चांदीनगर (बागपत)। घर से बुलाकर ले जाने के बाद शराब पार्टी में सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार शुभम बिष्ट के निजी चालक की पड़ोसी दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर ईंट से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। 

तीन दिन बाद एक आरोपित युवक ने खुद थाने पहुंचकर हत्या करना स्वीकार करते हुए करीब 20 किमी दूर गाजियाबाद के मंडोला में खेत से क्षत-विक्षत हालत में युवक का शव बरामद कराया, हालांकि पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी का दावा किया है। एक साल पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए वारदात की गई। पकड़े गए युवक ने दोस्ती में खून से हाथ रंगे हैं। गांव में पुलिस व पीएसी तैनात है।

आरोपित ने दो अक्टूबर काे बुलाया था अपने घर

ग्राम गढ़ी कलंजरी निवासी 32 वर्षीय अजय यादव पुत्र ब्रह्म सिंह यादव को पड़ोस के लवदीप शर्मा ने गत दो अक्टूबर काे अपने घर बुलाया था। उसका साथी अमित भाटी निवासी ग्राम पूरनपुर नवादा पहले से वहां पर था। तीनों ने शराब पार्टी की थी। दो अक्टूबर को ड्राई डे होने की वजह से खत्म होने पर शराब लेने के लिए रात करीब 8.15 बजे लवदीप शर्मा अपनी प्लेटिना बाइक से दोनों साथियों के साथ चल दिया था।

पुलिस ने किया थाने पहुंचे आरोपित को गिरफ्तार

इसके बाद वह तीनों गांव नहीं लौटे। देवेंद्र यादव ने अपने बड़े भाई अजय यादव को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चांदीनगर थाना पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। वहीं पुलिस का दबाव पड़ने पर आरोपित अमित भाटी चांदीनगर थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपित अमित भाटी ने जानकारी दी कि एक साल पहले अजय यादव और लवदीप शर्मा की शराब पीते समय कहासुनी हो गई थी, तब अजय ने लवदीप के साथ मारपीट कर दी थी। तभी से लवदीप शर्मा, अजय यादव से रंजिश रखने लगा था। दोनों की बोलचाल बंद हो गई थी।

तीन-चार दिन पहले दोबारा से बोलचाल शुरू हुई थी। दो अक्टूबर को शराब पीते समय खत्म होने पर खरीदने के लिए गांव से निकले थे। गाज़ियाबाद के एक गांव में देशी शराब मिली। बाद में थाना ट्रोनिका सिटी के ग्राम मंडोला के खेत में बैठकर शराब पार्टी की गई। पुरानी विवाद में कहासुनी और गाली-गलौज होने पर उसने और लवदीप शर्मा ने मिलकर अजय यादव के सिर और चेहरे पर ईंटों से वार कर उसकी हत्या की तथा उसके शव वहीं पर डालकर भाग गए थे।

आठ वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि

पुलिस ने अमित की निशानदेही पर रात करीब 10.30 बजे खेत से क्षत-विक्षत हालत में अजय का शव बरामद किया गया। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद उसके शव की हिंडन नदी के किनारे अंत्येष्टि की गई, मुखाग्नि आठ वर्षीय बेटे सोरिक ने दी।