विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में अब अंदरूनी सड़कों पर भी कटेंगे चालान, 14 नई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस लगाएगी ITMS कैमरे

Published: Sat, 19 Sep 2026 03:11 PM (IST)

गाजियाबाद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए 14 नए स्थानों पर चालान करने में ...और पढ़ें

अब गाजियाबाद में इनटर्नल रोड पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। फोटो: एआई जनरेटेड

अब गाजियाबाद में इनटर्नल रोड पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। फोटो: एआई जनरेटेड

विनीत कुमार, गाजियाबाद। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए निगरानी का दायरा बढ़ाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और चौराहों के बाद अब अंदरूनी सड़कों पर भी ITMS कैमरे लगाए जाएंगे।

यातायात पुलिस ने इसके लिए 14 स्थानों का चयन किया है। इन सभी स्थानों पर ऐसे कैमरे लगाए जाएंगे, जिनसे यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान किए जा सकेंगे। शहर में वर्तमान में 870 ITMS कैमरे लगे हैं।

इसी वर्ष फरवरी से इनमें से 377 कैमरों का इस्तेमाल चालान के लिए किया जा रहा है। नए कैमरे लगने के बाद नियमों के उल्लंघन की निगरानी और कार्रवाई का दायरा बढ़ जाएगा।

यातायात पुलिस ने कैमरे लगाने के लिए नगर निगम को सूची देकर शीघ्र आगे कार्रवाई की मांग की है। इन क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी।

नियम तोड़ने पर वाहन के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इससे प्रमुख चौराहों के साथ व्यस्त अंदरूनी मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

नियम तोड़ने पर लोगों की जेब पर बोझ

शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर लगातार चालान बढ़ रहे हैँ। अगस्त में ही ITMS कैमरों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने 1.88 लाख चालान किए हैं। 14 नए स्थानों पर चालान वाले कैमरे लगने से शीघ्र हर महीने चालान का आंकड़ा दो लाख को पार कर जाएगा।

इन स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे

  • घंटाघर
  • नवयुग मार्केट
  • राजनगर एक्सटेंशन रोटरी गोलचक्कर
  • तुराबनगर
  • आरडीसी वेव माल
  • कविनगर सी ब्लाक मार्केट
  • क्रासिंग रिपब्लिक
  • तिगरी गोलचक्कर
  • मोहननगर-वसुंधरा मार्ग
  • होली चाइल्ड चौराहा
  • दूधेश्वरनाथ मंदिर
  • मणिपाल अस्पताल के पास डायमंड फ्लाईओवर एग्जिट
  • लालकुआं

शहर में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ITMS की निगरानी व्यवस्था का विस्तार किया जा रहा है। चयनित 14 स्थानों पर चालान करने में सक्षम कैमरे लगाने की तैयारी है।

- वरुण कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में आशियाना बनाने का मौका, मधुबन बापूधाम में GDA नीलाम करेगा प्लॉट; 25 सितंबर तक करें आवेदन