विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के लाखों लोगों को राहत, 10 इलाकों में पेयजल संकट होगा दूर; योजना पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये

Published: Sat, 29 Aug 2026 02:06 PM (GMT+05:30)

गाजियाबाद नगर निगम गर्मी में पेयजल संकट दूर करने के लिए 10 नए डीपवेल नलकूप लगाएगा और तीन पुराने नलकूपों ...और पढ़ें

गाजियाबाद में पेयजल संकट दूर होगा। AI जनरेटेड

गाजियाबाद में पेयजल संकट दूर होगा। AI जनरेटेड

HighLights

  1. गाजियाबाद में 10 नए डीपवेल नलकूप लगेंगे।

  2. तीन पुराने नलकूपों का रिबोर भी कराया जाएगा।

  3. 5.25 करोड़ की योजना से लाखों को लाभ।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद के जिन इलाकों में गर्मी के दिनों में पेयजल संकट गहराता है, वहां लाखों लोगों को राहत मिलने वाली है। नगर निगम 10 स्थानों पर 30 एचपी क्षमता वाले डीपवेल नलकूप लगाएगा।

इसके अलावा तीन पुराने नलकूपों का रिबोर कराया जाएगा। नए नलकूप लगाने, पंप रूम बनाने और अन्य जरूरी कामों समेत इस पूरी योजना पर करीब 5.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

पानी की उपलब्धता होगी बेहतर

अधिकारियों का दावा है कि नलकूप चालू होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

जलकल विभाग की ओर से शहर के अलग-अलग वार्डों में पानी की जरूरत को देखते हुए स्थान चिह्नित किए गए हैं। नए नलकूपों के निर्माण के साथ पंप रूम और नलकूप को जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने के जरूरी काम भी किए जाएंगे।

वहीं, लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे पुराने नलकूपों की क्षमता प्रभावित होने पर उनका रिबोर कराकर दोबारा उपयोग में लाया जाएगा। नगर निगम के मुताबिक, वार्ड-62 के न्यू शताब्दीपुरम में नया नलकूप लगाया जाएगा।

वार्ड-84 के लोगों को मिलेगी राहत

वार्ड-84 में राजनगर सेक्टर-10 स्थित जीडीए मार्केट के पार्क, वार्ड-27 में ओम बिहार में शंकर होटल के पास और वार्ड-6 में साई एन्क्लेव में भी नलकूप लगेगा। वार्ड-67 में संजय नगर सेक्टर-23 के सी-ब्लाक पार्क और जे-ब्लॉक पार्क में एक-एक नलकूप लगाया जाएगा।

इसके अलावा वार्ड-52 की न्यू पंचवटी कालोनी के बी-ब्लाक पार्क, वार्ड-81 के ज्ञान खंड-4 स्थित नगर निगम स्कूल और प्रताप विहार के भाऊराव देवरस एवं केए-ब्लाक योजना में भी नलकूप लगाने की योजना है। स्वर्ण जयंतीपुरम के ईडब्ल्यूएस क्वार्टर टंकी परिसर में दो नलकूप लगाए जाएंगे। इससे इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

17 साल पुराने नलकूप का भी होगा रिबोर

नए नलकूप लगाने के साथ नगर निगम पुराने नलकूपों की क्षमता भी बढ़ाएगा। वार्ड-84 में राजनगर आरडीसी स्थित दुबई माल के पीछे पार्क में करीब 17 साल पुराने नलकूप का रिबोर कराया जाएगा।

इसके अलावा वार्ड-3 के जे-ब्लाक सेक्टर-9 पार्क और प्रताप विहार के भाऊराव देवरस एवं केए-ब्लाक योजना में लगे पुराने 30 एचपी क्षमता के नलकूपों का भी रिबोर होगा। प्रत्येक रिबोर कार्य पर करीब 29.85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

जलापूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत

जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि नए नलकूप लगाने और पुराने नलकूपों का रिबोर होने से संबंधित क्षेत्रों में पानी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। 30 एचपी क्षमता वाले डीपवेल नलकूपों से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- बैडमिंटन हॉल, जिम और स्विमिंग पूल फिर खुले; गाजियाबाद के महामाया स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण शुरू