विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

20 करोड़ से संवरेंगे मधुबन बापूधाम के हाईराइज फ्लैट, रंगाई-पुताई और मरम्मत के लिए GDA ने जारी किया टेंडर

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:00 PM (IST)

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) मधुबन बापूधाम के हाईराइज भवनों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और रखरखाव पर 20.41 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है।

मधुबन बापूधाम स्थित समाजवादी आवासीय योजना परिसर में खड़ी ऊंची घास। जागरण

मधुबन बापूधाम स्थित समाजवादी आवासीय योजना परिसर में खड़ी ऊंची घास। जागरण

HighLights

  1. जीडीए मधुबन बापूधाम के भवनों पर 20.41 करोड़ खर्च करेगा।

  2. रंगाई-पुताई, मरम्मत और रखरखाव के लिए टेंडर जारी।

  3. चयनित एजेंसी दो साल तक सुविधाओं का संचालन करेगी।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम स्थित अपने हाईराइज भवनों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और रखरखाव पर जीडीए 20.41 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

इसके लिए प्राधिकरण ने 20 करोड़ 41 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। चयनित एजेंसी को भवनों के बाहरी और आंतरिक हिस्सों की रंगाई-पुताई के साथ अन्य मरम्मत कार्य कराने होंगे। इसके अलावा कामन सुविधाओं के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

हाईराइज भवन के बेसमेंट, भूतल से लेकर ऊपरी मंजिल तक रंगाई-पुताई और मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसमें जीएच-3 और जीएच-4, पाकेट-सी और समाजवादी आवास योजना के पाकेट-एफ में कामन सुविधाओं का रखरखाव शामिल है।

शाम 5 बजे तक कर सकेंगी जमा

वहीं, कार्य पूरा कराने और संबंधित सेवाओं के संचालन के लिए एजेंसी को 2 वर्ष समय निर्धारित किया है। इच्छुक एजेंसियां 15 दिसंबर शाम 5 बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी। निविदा 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे खोली जाएगी।

इससे पहले 30 नवंबर को प्री-बिड बैठक आयोजित होगी। इसमें इच्छुक एजेंसियां कार्य से जुड़ी शंकाओं और शर्तों पर जानकारी ले सकेंगी। एजेंसी के चयन के बाद भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और कॉमन सुविधाओं के रखरखाव का काम शुरू हो सकेगा।

मूलभूत सुविधाओं की दरकार

मधुबन बापूधाम की समाजवादी आवासीय योजना में पिछले करीब डेढ़ माह में तीन टावर के सभी फ्लैट तेजी के साथ बुक हुए, जिनमें तेजी से रजिस्ट्री कराई जा रही है। यहां दीवाली के दौरान कई परिवार आकर बसे, लेकिन अभी यहां मूलभूत सुविधाओं की दरकार है। सोसायटी परिसर में ऊंची घास जमी है।

साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी निम्न स्तरीय है। फ्लैट मालिकान की ओर से समय-समय पर इसकी शिकायत की जाती है।

मधुबन बापूधाम में जीडीए ने अपनी हाईराइज सोसायटी के लिए एजेंसी के चयन को लेकर टेंडर जारी किया है, जो सोसायटी में रंगाई पुताई के साथ ही रखरखाव की समस्त जिम्मेदारी संभालेगी। प्राधिकरण की ओर से यहां बेहतर व्यवस्था कराने का प्रयास किया जा रहा है। - योगेश पटेल, प्रभारी अधिकारी मधुबन बापूधाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।