दिल्ली-NCR में घर बनाने का सुनहरा मौका, गाजियाबाद में बसेंगी दो नई टाउनशिप
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की आगामी बोर्ड बैठक में शहर के विस्तार और नई टाउनशिप से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे।

हरनंदीपुरम के लेआउट और एयरोसिटी की डीपीआर पर फैसला जल्द होगा। फोटो- एआई जनरेटेड
HighLights
जीडीए बोर्ड बैठक में शहर विस्तार के प्रस्ताव।
हरनंदीपुरम टाउनशिप का लेआउट और डीपीआर।
एयरोसिटी जमीन खरीद व बंधा रोड विकास।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की आगामी बोर्ड बैठक में शहर के विस्तार और नई टाउनशिप विकसित करने से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे जाने की तैयारी है। इनमें हरनंदीपुरम टाउनशिप का लेआउट और डीपीआर प्रमुख है। इसके अलावा एयरोसिटी के लिए जमीन खरीदने और बंधा रोड की प्रक्रिया से संबंधित प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा।
हरनंदीपुरम टाउनशिप को विकसित करने के लिए जीडीए पहले ही जमीन का सर्वे और योजना का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी माह के अंत में होने वाली बोर्ड बैठक में इसके लेआउट और डीपीआर को बोर्ड की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद योजना के विकास से संबंधित आगामी प्रक्रिया तेज हो सकेगी।
एयरोसिटी के लिए किस मॉडल पर होगी जमीन की खरीद?
इसी तरह एयरोसिटी टाउनशिप के लिए जमीन जुटाना जीडीए के सामने बड़ी चुनौती है। किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया किस मॉडल के तहत होगी, इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जमीन खरीद की प्रक्रिया तय होने के बाद एयरोसिटी के विकास की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ होगा।
वहीं, बंधा रोड को लेकर भी जीडीए की ओर से विकास संबंधी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों पर निर्णय होने के बाद शहर के बाहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और नियोजित विकास को रफ्तार मिलेगी।
