गरम-धरम ढाबे की रसोई में मिली भारी गंदगी, दीवारों पर रेंगते दिखे कॉकरोच
मोहननगर स्थित गरम-धरम ढाबे का एडीएम सिटी और खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण किया, जहां रसोई में भारी गंदगी और कॉकरोच मिले।

ढाबे में सील सामान। जागरण
HighLights
गरम-धरम ढाबे की रसोई में भारी गंदगी मिली।
दीवारों और डीप फ्रीजर में कॉकरोच रेंगते पाए गए।
ढाबे को नोटिस जारी कर रसोई बंद रखने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। मोहननगर स्थित गरम-धरम ढाबे का बुधवार शाम एडीएम सिटी विकास कश्यप और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान ढाबे की रसोई में भारी गंदगी मिली और दीवारों पर कीड़े (कॉकरोच) चलते दिखे।
अधिकारियों ने इस पर नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार रसोई का संचालन न होने तक इसे बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मौके से चार खाद्य पदार्थाें के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।
शाम करीब पांच बजे अधिकारियों की टीम निरीक्षण के लिए ढाबे पहुंची। एडीएम के साथ जिला अभिहीत अधिकारी सुरेश मिश्रा और अन्य कर्मचारी थे। सबसे पहले रसोई में टीम पहुंची तो काफी गंदगी रसोई में मिली। डीप फ्रीजर का तला टूटा हुआ मिला, जिसकी वजह से उसमें कॉकरोच चल रहे थे।
दीवारों पर भी मिले कॉकरोच
दीवारों पर भी कॉकरोच चलते मिले। एडीएम सिटी ने बताया कि रसोई की स्थित काफी खराब थी। इस पर ढाबा संचालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार मानक पूरे करने और इसके बाद ही रसोई का संचालन करने के लिए कहा गया है। रसोई में सभी मानकों के लिए फिलहाल दो दिन का समय दिया गया है।
बता दें कि मंगलवार को साहिबाबाद निवासी दिव्या नाम की युवती ने कढ़ाही पनीर में कॉकरोच निकलने की शिकायत की थी। वह जन्मदिन मनाने के लिए परिवार और दोस्तों के साथ ढाबे पर आई थीं। उनके कढ़ाही पनीर में मरा हुआ कॉकरोच निकला और स्टाफ ने शिकायत की अनसुनी कर दी।
इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की। जिला अभिहीत अधिकारी ने बताया कि पनीर, कैचअप, पानी और मस्टर्ड आयल के नमूने जांच के लिए लेकर प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
यह भी पढ़ें- बर्थडे पार्टी में 'कढ़ाही पनीर' से निकला मरा कॉकरोच, गाजियाबाद के ढाबे की लापरवाही का फोटो वायरल
