विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बर्थडे पार्टी में 'कढ़ाही पनीर' से निकला मरा कॉकरोच, गाजियाबाद के ढाबे की लापरवाही का फोटो वायरल

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:18 PM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 08:19 PM (IST)

साहिबाबाद के मोहननगर स्थित एक ढाबे में जन्मदिन मनाने गए परिवार को कढ़ाही पनीर में मरा हुआ कॉकरोच मिला, जिससे उनका जायका बिगड़ गया।

खाने में निकला कॉकरोच

खाने में निकला कॉकरोच

HighLights

  1. जन्मदिन मनाने गए परिवार को कढ़ाही पनीर में मिला कॉकरोच।

  2. ढाबे के स्टाफ ने शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

  3. पीड़ित परिवार ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत करने की बात कही।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। जन्मदिन मनाने के लिए मोहननगर स्थित एक नामी ढाबे में खाना खाने गए परिवार का जायका लापरवाही ने बिगाड़ दिया। ढाबे में कढ़ाही पनीर, दाल मखनी समेत कई व्यंजन आर्डर किए गए लेकिन कढ़ाही पनीर में मरा हुआ कॉकरोच निकल आया।

यह देखकर परिवार के सभी सदस्यों का जी खराब हो गया और उन्होंने तुरंत इसका फोटो खींचकर ढाबे में शिकायत की लेकिन उनकी कोई मदद वहां नहीं की गई। कॉकरोच का फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

साहिबाबाद निवासी दिव्या ने बताया कि सोमवार शाम को वह भाई गोपाल के साथ छह लोगों की टेबल बुक कर जन्मदिन मनाने के लिए आईटीएस कॉलेज के पास ढाबे में गई थीं।

मरा हुआ मिला कॉकरोच

खाना खाने के दौरान कढ़ाही पनीर में मरा हुआ कॉकरोच मिला। इसकी शिकायत वहां के स्टाफ और मैनेजर से की गई, लेकिन उन्होंने कोई जिम्मेदारी नहीं ली। आधे घंटे बहस के बाद स्टाफ ने केवल सारी बोला जबकि शेफ से पूछताछ भी नहीं की।

आधे घंटे के दौरान इसका वीडियो न बना लें, इससे पहले ही स्टाफ ने मेज को साफ कर दिया हालांकि कॉकरोच दिखते ही उन्होंने इसका फोटो लिया। उन्होंने बताया कि 1500 रुपये का बिल उन्हें दिया गया, जिसे उन्होंने नहीं चुकाया।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग में इसकी शिकायत करने की बात कही है। वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के जिला अभिहीत अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ढाबे में खाद्य उत्पादों की जांच की जाएगी।