दीवार गिरने से चार मजदूर दबे, एक की मौत
कोतवाली क्षेत्र की शरद सिटी कालोनी में शुक्रवार दोपहर प्लाट की नींव खोदते समय पड़ोस के प्लाट की दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच में जुटी है।
संवाद सहयोगी, लोनी (गाजियाबाद): कोतवाली क्षेत्र की शरद सिटी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर प्लॉट की नींव खोदते समय पड़ोस के प्लॉट की दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच में जुटी है। सदर सिटी कॉलोनी स्थित एक प्लॉट में पिलर खड़े करने का कार्य शुरू किया जाना था। शुक्रवार सुबह से प्लॉट पर दस मजदूर पिलर खड़े करने के लिए नींव की सफाई कर रहे थे। दोपहर करीब सवा एक बजे दो मजदूर दुकान से पान मसाला लेने के लिए गए थे। चार मजदूर काम कर रहे थे। जबकि चार अन्य मजदूर कुछ दूरी पर काम कर रहे थे। अचानक प्लॉट से सटे दूसरे प्लॉट की दीवार भर-भराकर गिर गई। इसके मलबे के नीचे चार मजदूर दब गए।
मजदूरों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया। साथ ही मलबा हटाकर उसके नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे में मजदूरों को मिट्टी से बाहर निकाला जा सका। तीन मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला जा सका। जबकि एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त मनोज (45) निवासी खजूरी दिल्ली के रूप में हुई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घायल सोनू (30) निवासी हयूम नगर इलायचीपुर लोनी, मोहम्मद चांद (22) निवासी खजूरी दिल्ली और मुकेश (35) निवासी खजूरी दिल्ली का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार मृतक मनोज ने पिलर खड़े कराने का ठेका लिया था। वह ही अन्य मजदूरों को चौक से लेकर आया था। फिलहाल प्लॉट मालिक की जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप