अहम की खातिर कर दी थी सैलून संचालक की हत्या
साहिबाबाद में 11 फरवरी की शाम शैलून संचालक साजिद की हत्या ईगो की खातिर की गई थी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर आलाकत्ल कुदाल व डंडे बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने राह चलते कंधा टकराने के बाद हुई कहासुनी के कारण साजिद की हत्या कर दी गई थी। मामले में अन्य आरोपित फरार हैं।
जासं, गाजियाबाद : साहिबाबाद में 11 फरवरी की शाम शैलून संचालक साजिद की हत्या अहम की खातिर हुई थी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर आला ए कत्ल कुदाल व डंडे बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने राह चलते कंधा टकराने के बाद हुई कहासुनी के कारण साजिद की हत्या कर दी गई थी। मामले में अन्य आरोपित फरार हैं।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने साहिबाबाद स्थित 80 फुटा रोड से बुधवार सुबह नबाव, उसका पिता अबुल हसन व दोस्त महबूब के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित विक्रम एंक्लेव साहिबाबाद में रहते हैं। एसपी सिटी ने बताया कि साजिद इंदिरापुरम में हेयर सैलून चलाता था। बीती 11 फरवरी को वह अपने दोस्तों राहुल और राजा के साथ मिलकर भतीजे की बर्थडे-पार्टी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि तीनों दोस्तों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान आरोपित महबूब वहां से गुजरा तो साजिद से उसका कंधा टकरा गया। इस पर दोनों में विवाद हो गया। उस समय आसपास के लोगों ने दोनों को शांत करा दिया। आरोप है कि महबूब अपने दोस्त व अन्य साथियों समेत करीब एक दर्जन लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और तीनों पर हमला कर दिया। कुदाल से साजिद पर कई वार किए गए, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहुल और राजा गंभीर हालत में मौके पर छोड़कर सभी फरार हो गए।