यूपी गेट पर किसानों का कब्जा बरकरार, दिल्ली नहीं जा सके वाहन
जागरण संवाददाता साहिबाबाद यूपी गेट पर दिल्ली जाने वाली सभी लेन पर शुक्रवार को भी किसानो
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : यूपी गेट पर दिल्ली जाने वाली सभी लेन पर शुक्रवार को भी किसानों का कब्जा रहा। इसकी वजह से कोई भी वाहन यहां से दिल्ली नहीं जा पाए। वाहनों को अन्य वैकल्पिक मार्गो से गुजारा गया। इससे राहगीरों को काफी लंबा चक्कर काटना पड़ा। आंतरिक सड़कों पर जाम की स्थिति बनी। वहीं, यूपी गेट के अलावा दिल्ली की अन्य सभी सीमाओं से आवाजाही हो रही है।
भटके राहगीर: यूपी गेट के नीचे 28 नवंबर से किसानों का पूरी तरह से कब्जा है। बृहस्पतिवार को किसानों ने यहां फ्लाईओवर पर एनएच-नौ और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की दिल्ली जाने वाली लेन पर भी कब्जा कर लिया है। इस वजह से शुक्रवार को यूपी गेट से होकर राहगीर दिल्ली नहीं जा सके। वाहनों को वैकल्पिक मार्गो से गुजारा गया। वाहन से आए राहगीर रास्ता भटककर इधर-उधर भटकते देखे गए।
पैदल तय किया सफर: यूपी गेट से टैंपों, आटो और बस सभी का संचालन बंद होने से इनमें सफर करने वाले राहगीर काफी परेशान हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत वैशाली, खोड़ा, इंदिरापुरम, कौशांबी के लोगों को हुई। यहां के ज्यादातर लोग यूपी गेट होकर ही दिल्ली जाते हैं। तमाम राहगीर यूपी गेट पर पैदल जाते दिखे। बात करने पर पता चला कि बस या आटो यहां तक न आने के कारण नोएडा-62, खोड़ा आदि जगहों से पैदल आ रहे हैं। वहीं कुछ लोग साइकिल डिवाइडर के ऊपर से निकाल ले गए। जिससे हादसे की संभावना बनी रही।
दिल्ली जाने के लिए खुले हैं यह रास्ते: किसान आंदोलन की वजह से यूपी गेट होकर दिल्ली जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद है। हापुड़ की ओर से आने राहगीरों को डासना पुल, हापुड़ चुंगी, एएलटी राजनगर एक्सटेंशन, रोटरी गोलचक्कर, नागद्वार होते हुए भोपुरा सीमा से दिल्ली जा रहे हैैं। जल निगम पुलिस चौकी से मेरठ तिराहा, मोहन नगर, सीमापुरी सीमा होकर दिल्ली जा रहे हैं। मोहन नगर से यूपी गेट जाने वाले डाबर तिराहा से महाराजपुर सीमा से होकर आनंद विहार दिल्ली जा रहे हैं। छिजारसी, नोएडा सेक्टर-62, राहुल विहार अंडरपास, खोड़ा अंडरपास से आने वाले सभी वाहन नोएडा की ओर से दिल्ली जा रहे हैं। वहीं, वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण इन सीमाओं पर जाम लग रहा है। दिल्ली से आने वालों के लिए खुला है रास्ता: दिल्ली से आने वाले रास्तों पर किसानों का कब्जा नहीं है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे, एनएच-नौ और नीचे की लेन सभी पर दिल्ली से लोग आ रहे हैं। आने वाली लेन पर कोई डायवर्जन नहीं है। किसान आंदोलन को लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। यूपी गेट के अलावा दिल्ली की सभी सीमाओं पर यातायात सामान्य है। यातायात पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात हैं। कोशिश की जा रही है कि राहगीरों को समस्या न हो।
- रामानंद कुशवाहा, यातायात पुलिस अधीक्षक, गाजियाबाद वाराणसी से रोहिड़ी जा रही थी। बस वाले ने नोएडा सेक्टर-62 में उतार दिया। वहां से पैदल ही आ रही हूं। बहुत परेशानी हो रही है।
- इंदु, राहगीर इंदिरापुरम से खिचड़ीपुर दिल्ली जा रहा हूं। यूपी गेट पर रास्ता बंद है। अब काफी लंबा चक्कर काटना पड़ेगा।
- विनय, राहगीर