महापंचायत में जा रहे किसानों को रोका, जाम लगने पर भेजा
संवाद सहयोगी लोनी बागपत से किसानों के आंदोलन में शामिल होने पहुंचे राष्ट्रीय अधिकार समन्वय
संवाद सहयोगी, लोनी: बागपत से किसानों के आंदोलन में शामिल होने पहुंचे राष्ट्रीय अधिकार समन्वय मंच के राष्ट्रीय संयोजक महेश सिंह, अन्नदाता किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरमुख सिंह, भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह, भारतीय किसान समन्वय मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणा और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों को पुलिस ने रोक दिया। करीब डेढ़ बजे इन किसान नेताओं का काफिला दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित बागपत-गाजियाबाद सीमा पर पहुंचा। वहां लोनी पुलिस ने उन्हें गाजियाबाद में प्रवेश नहीं करने दिया। पुलिस ने उन्हें दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित मंडोला पुलिस चौकी पर रोक लिया। जिस पर वह रोड पर बैठकर विरोध करने लगे। करीब पौन घंटे बाद उपजिलाधिकारी खालिद अंजुम और पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सोनकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से वार्ता की। वार्ता करने के बाद अधिकारियों ने किसानों के काफिले को यूपी गेट के लिए रवाना कर दिया।
दरी बिछाकर हुक्के में लगाए कश: विरोध के लिए किसानों ने रोड पर दरी बिछाकर हुक्का रखा। जिसके चारों ओर बैठकर किसानों ने कश लगाते हुए नारेबाजी की। वहीं कुछ किसान मूंगफली खाकर आगे जाने की अनुमति का इंतजार करते दिखाई दिए। दिल्ली-सहारनपुर रोड पर पौन घंटे विरोध करने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को मंडोना विहार योजना से डायवर्ट बागपत की सीमा में निकलवाया।