विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद समेत 4 जिलों में अटकी EV सब्सिडी, डीलरों को 3 दिन का अल्टीमेटम; ये 4 गलतियां नहीं सुधारीं तो एक्शन

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:23 PM (IST)

परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन सब्सिडी के लंबित आवेदनों को लेकर डीलरों को अंतिम चेतावनी दी है। तीन दिन में ...और पढ़ें

ईवी सब्सिडी अटकने पर सख्ती। फोटो: अर्काइव

ईवी सब्सिडी अटकने पर सख्ती। फोटो: अर्काइव

HighLights

  1. डीलरों को तीन दिन में आवेदन त्रुटियां सुधारने का निर्देश

  2. लापरवाही पर डीलरशिप निलंबित करने की प्रक्रिया होगी शुरू

  3. गाजियाबाद में 184, गौतमबुद्धनगर में 252 आवेदन लंबित

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की सब्सिडी के आवेदन अटकाने वाले डीलरों पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

बार-बार निर्देश देने के बावजूद आवेदनों की त्रुटियां दूर नहीं करने पर परिवहन विभाग ने अंतिम अनुस्मारक जारी किया है। डीलरों को तीन दिन के अंदर सभी लंबित आवेदनों की कमियां दूर कर दोबारा भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बाद भी लापरवाही बरतने पर डीलरशिप निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

तीन दिन में आवेदन दुरुस्त करने के निर्देश

संभागीय परिवहन अधिकारियों के मुताबिक पहले भी दो बार निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद डीलर स्तर पर लंबित आवेदनों का निस्तारण नहीं किया गया।

इससे वाहन स्वामियों को सरकार की प्रोत्साहन योजना का लाभ मिलने में देरी हो रही है। अब निर्धारित समय सीमा में सभी आवेदन दुरुस्त कर दोबारा भेजने होंगे।

गाजियाबाद में 184 वाहन स्वामियों की सब्सिडी के आवेदन डीलरों को संशोधन के लिए लौटाए गए हैं।

वहीं, गौतमबुद्धनगर में सबसे अधिक 252 आवेदन डीलर स्तर पर लंबित हैं। बुलंदशहर में 75 और हापुड़ में सात आवेदन डीलर स्तर पर अटके हैं।

फोटो, आधार और बैंक खाते की गड़बड़ी

आवेदनों में फोटो और हस्ताक्षर का मिलान नहीं होने, आधार सत्यापन में परेशानी और वाहन की श्रेणी गलत चुनने जैसी खामियां सामने आई हैं।

कुछ लाभार्थियों ने चार पहिया वाहन खरीदने के बावजूद आवेदन में दोपहिया वाहन का विकल्प चुन लिया। सबसे अधिक मामले संयुक्त बैंक खातों से जुड़े हैं।

ऐसे खातों में योजना के तहत सब्सिडी का भुगतान नहीं किया जाता है। इन त्रुटियों को दूर करने के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पांच हजार से एक लाख रुपये तक सब्सिडी

योजना के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने पर अधिकतम पांच हजार रुपये और इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

डीलरों को पहले भी दो बार निर्देश दिए जा चुके हैं। अब अंतिम अवसर देते हुए तीन दिन में सभी त्रुटियां दूर कर आवेदन दोबारा भेजने को कहा गया है। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डीलरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर डीलरशिप निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।

- अशोक कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन, गाजियाबाद

चार जिलों में लंबित आवेदनों की स्थिति जिला

जिले कुल आवेदन निस्तारित कार्यालय स्तर पर लंबित डीलर स्तर पर लंबित
गाजियाबाद 4617 4433 -- 184
हापुड़ 303 296 -- 7
बुलंदशहर 1132 998 59 75
गौतमबुद्धनगर 4786 4532 2 252

जिले में कुल ईवी वाहनों का विवरण 

वाहन संख्या
ई-रिक्शा 39,415
ई-कार्ट 1525
दो पहिया 17,856
तीन पहिया 7,143
चार पहिया 4,578
बस 59
कुल 70,576

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में नाले के ऊपर दौड़ेंगी गाड़ियां, 131 करोड़ से आसान होगा नोएडा वेस्ट तक का सफर