विजय नगर बाइपास तिराहे पर फुटओवर ब्रिज बनवाने की मांग
जासं गाजियाबाद आरडब्ल्यूए फेडरेशन एवं फ्लैट ओनर फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार
जासं, गाजियाबाद : आरडब्ल्यूए फेडरेशन एवं फ्लैट ओनर फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति से मिलकर एनएच-9 स्थित विजय नगर बाइपास तिराहे पर एक फुटओवर ब्रिज बनवाने की मांग की।
फेडरेशन के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि मेरठ एक्सप्रेस-वे कार्य अपने अंतिम चरण में है। लोगों की सुविधा के लिए हाईवे पर आवश्यकतानुसार अंडरपास बनाए जा रहे हैं। विजय नगर बाइपास तिराहे पर एक फुटओवर ब्रिज की आवश्यकता है। इस तिराहे के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अंडरपास बनाए गए हैं। मुख्य शहर से जोड़ने वाली सड़क गोशाला फाटक विजय नगर थाना बाइपास एनएच-9 तिराहा हाईवे से मिलती है। इसके दोनों तरफ लाखों परिवार रहते हैं। जिनका हर समय आवागमन रहता है। फुटओवर ब्रिज बन जाने से पैदल यात्रियों का दो किलोमीटर अंडरपास से आवागमन का अनावश्यक चक्कर बच जाएगा। इस मौके पर लाइनपार आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष आरके आर्या, गोपाल महेश्वरी, नेमपाल सिंह, संध्या त्यागी, सुमित गौतम और संजय कुमार आदि मौजूद रहे।