गाजियाबाद में डीएमई पर ट्रक ने अचानक लगाए ब्रेक तो टकराई कार, एक की मौत; छह घायल
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही कार उससे ...और पढ़ें

भोजपुर में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा।
HighLights
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर ट्रक-कार की जोरदार टक्कर हुई।
हादसे में कार चालक कफिल की मौके पर मौत हो गई।
कार में सवार छह अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।
जागरण संवाददाता, भोजपुर। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि कारसवार छह लोग घायल हैं।
टक्कर इतनी जाेरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आरोपित ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है। फिलहाल कोई शिकायत थाने में नहीं दी गई है।
सैदपुर के पास पहुंचे तो सामने एक ट्रक चल रहा
बिजनौर के नगीना के कफिल कार चालक थे। सोमवार शाम को उन्हें छह सवारी मो. दानिश, नावेद, आरिफ, आदिल, आहद व फैज मिली। इन सभी को लेकर उन्हें कार से दिल्ली जाना था। रात को वे मेरठ पहुंचे और परतापुर से वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर चढ़े। इस बीच जब भोजपुर थाना क्षेत्र में सैदपुर के पास पहुंचे तो सामने एक ट्रक चल रहा था।
कुछ ही दूरी पर ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिये। ऐसे में कफिल कार को नियंत्रित ना करा पाए और ट्रक में पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कफिल समेत कार की सभी सवारी घायल हो गईं। सूचना पर पुलिस व एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में मेरठ के अस्पताल लेकर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने कफिल को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य को भर्ती कर लिया।
शिनाख्त करने के बाद मृतक के स्वजन को सूचना दी
पुलिस ने शिनाख्त करने के बाद मृतक के स्वजन को सूचना दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा। उधर, हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर आने से जाम की स्थिति बनने लगी। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया। दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिये हैं।
एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मृतक के स्वजन को हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- फर्जी 'जासूसी एजेंसी' चला रहे थे मां-बेटे, गाजियाबाद की पॉश सोसायटी से साइबर पुलिस ने ऐसे की गिरफ्तारी
