विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी 'जासूसी एजेंसी' चला रहे थे मां-बेटे, गाजियाबाद की पॉश सोसायटी से साइबर पुलिस ने ऐसे की गिरफ्तारी

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:22 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली की साइबर पुलिस ने एक फर्जी जासूसी एजेंसी चलाने वाले मां-बेटे को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपितों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पूर्वी दिल्ली साइबर पुलिस ने मां-बेटे को किया गिरफ्तार।

  2. फर्जी वेबसाइट 'SleuthIndia.com' से करते थे धोखाधड़ी।

  3. गाजियाबाद की पॉश सोसायटी से हुई गिरफ्तारी।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले के साइबर थाना पुलिस ने फर्जी जासूसी एजेंसी के जरिये ठगी करने वाले मां-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गाजियाबाद स्थित मिगसन रूफ सोसायटी निवासी पूनम सिंह और उसके बेटे अर्नव सिंह के रूप में हुई है। दोनों 'SleuthIndia.com' नाम की फर्जी वेबसाइट संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक लैपटाप और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि भानू प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति ने ठगी की शिकायत थाने में दी थी। पीड़ित ने बताया था कि वह आनलाइन जासूसी सेवा तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें फर्जी वेबसाइट मिली।

वेबसाइट पर दिए मोबाइल नंबर के जरिये संपर्क होने के बाद उन्हें जासूसी सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर 1.15 लाख रुपये का आनलाइन भुगतान कराया गया। इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एसआइ विनय कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, कांस्टेबल विवेक और महिला कांस्टेबल आंचल की टीम गठित की गई।

जांच में सामने आईं ये बड़ी बातें

पुलिस को जांच में पता चला कि पूनम सिंह नाम की महिला के खाते में रकम गई है और बाद में अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर दी गई। पुलिस ने जांच के दौरान फर्जी वेबसाइट के तकनीकी ढांचे, उससे जुड़े मोबाइल नंबर, ई-मेल आइडी, संचार विवरण और रकम के वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया।

तकनीकी और वित्तीय सुरागों को जोड़ने के बाद पुलिस टीम ने आरोपितों की लोकेशन गाजियाबाद स्थित मिगसन रूफ की मिली। पुलिस ने वहां से अर्नव को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूनम पर वर्ष 2023 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस पता लगा रही है मां-बेटे ने मिलकर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।