एसपी सिंह के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने को भाजपा नेता पर जानलेवा हमला
जागरण संवाददाता गाजियाबाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह के पूर्व र
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह के पूर्व राजनीतिक सलाहकार डॉ. एसपी सिंह पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए भाजपा नेता पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। पीड़ित अजय त्यागी ने थाना मधुबन बापूधाम में एसपी सिंह के सहयोगी वीर कपूर समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 15 दिसंबर की रात तीनों आरोपित घर में घुसे और मफलर से उनका गला दबाने का प्रयास किया और फिर रिवाल्वर निकालकर हत्या की धमकी दी। जीवन लीला समाप्त कर देंगे
एसएचओ अमित कुमार खारी ने बताया कि अजय त्यागी की तहरीर पर वीर कपूर व दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, घर में घुसने और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अजय त्यागी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने एसपी सिंह के खिलाफ फर्जीवाड़े व धोखाधड़ी की धाराओं में सात जून-2019 को थाना सिहानी गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि अप्रैल-2019 में एसपी सिंह ने जनरल वीके सिंह का लेटरहेड दिखा अजय त्यागी से पार्टी फंड के नाम पर तीन लाख रुपये लिए थे। लेटरहेड पर अजय की ओर से चुनाव के लिए तीन लाख रुपये पार्टी को देने की बात लिखी थी। मगर एसपी सिंह ने यह रकम पार्टी फंड में नहीं दी थी। अजय त्यागी के मुताबिक 15 दिसंबर को वीर कपूर समेत तीन लोग उनके घर आए और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। साथ ही वीर कपूर ने रिवाल्वर तानकर कहा कि एसपी सिंह ने तेरे लिए संदेश भिजवाया है। दो दिन में केस वापस नहीं लिया तो तेरी जीवन लीला समाप्त कर देंगे और फिर घर वाले केस लड़ते रहेंगे। दो बार हो चुका गिरफ्तार
अजय की ओर से बीते साल मामला दर्ज कराने के अगले दिन ही एसपी सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से छूटे एसपी सिंह के खिलाफ थाना कविनगर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई कर बीते माह ही दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसकी बेटी आरुषि को भी फुफेरे भाई पल्लव से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में थाना कविनगर पुलिस ने अक्टूबर-2019 में गिरफ्तार किया गया था। एसपी सिंह के खिलाफ गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी व वीके सिंह के नाम पर फर्जीवाड़ा कर अवैध वसूली करने के आरोप में 8-10 मुकदमे दर्ज हैं।