आस्था के दो घाट, एक मैला एक साफ
हसीन शाह गाजियाबाद हरनंदी स्थित आस्था के दो घाटों के साथ नगर निगम भेदभाव कर रहा है
हसीन शाह, गाजियाबाद :
हरनंदी स्थित आस्था के दो घाटों के साथ नगर निगम भेदभाव कर रहा है। एक घाट पर छठ पूजा होती है। दूसरे पर श्मशान घाट है। नगर निगम छठ घाट की समय-समय पर सफाई कराता है, जबकि श्मशान घाट की सालों से सफाई नहीं हुई है। कुछ लोग हरनंदी श्मशान घाट पर ही अस्थियां विसर्जित करते हैं।
जीटी रोड के पास हरनंदी के किनारे पर आमने-सामने छठ घाट व श्मशान घाट हैं। नगर निगम ने छठ घाट का सुंदरीकरण कराया था। छठ घाट की सफाई कराने के लिए नाव की व्यवस्था की गई है। सर्दी के मौसम में भी निगम की टीम छठ घाट को साफ करती है। छठ पर्व आने से घाट को सजाया जाता है। नगर निगम के इस काम की सभी लोग बहुत सराहना करते हैं। छठ पूजा करने वाले लोग हरनंदी में अस्थी विसर्जन करते समय नगर निगम के रवैये से नाराज हो जाते हैं। श्मशान घाट पर औसतन प्रतिदिन 25 से 30 शव पहुंचते हैं। शव के साथ सैकड़ों लोगों का हुजूम होता है।
-------- पूर्वांचल व बिहार के लोग नाराज
जनपद में बड़ी संख्या में पूर्वांचल व बिहार के लोग रहते हैं। ये लोग शवों की अंत्येष्टि के लिए हरनंदी स्थित श्मशान घाट पर लेकर आते हैं। इनमें कुछ लोग तो अस्थी विसर्जन करने हरिद्वार जाते हैं, जबकि कुछ लोग मुरादनगर गंगनहर और हरनंदी में ही विसर्जन करते हैं। ये लोग श्मशान घाट पर गंदगी होने की शिकायत कई बार नगर निगम में कर चुके हैं, मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
---------
मैं छठ पूजा करता हूं। निगम ने छठ घाट साफ कर दिया है, यह अच्छी बात है। मगर सालों से गंदा पड़े श्मशान घाट को भी साफ करना चाहिए। यहां पर बहुत गंदगी है।
होतीलाल, शहर निवासी
-------
गंदगी के कारण श्मशान घाट पर जाना मुश्किल है। चारों तरफ गंदगी फैली है। नगर निगम को छठ घाट की तरह श्मशान घाट को भी साफ रखना चाहिए।
- रवि कुमार, शहर निवासी
-----
हमने छठ घाट को साफ करा दिया है। श्मशान घाट को भी साफ कराएंगे। निगम साफ-सफाई में भेदभाव नहीं करता है।
- प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त