खुले में पेशाब करने से रोका तो किया हमला
खुले में दीवार पर पेशाब करने से रोकने पर पहले गाली-गलौज की और फिर बाद में साथियों संग घर में घुसकर हमला कर दिया जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना 13 जून को देर रात की है जिसमें पीड़ित पक्ष ने कांग्रेस नेता के भतीजे समेत दो लोगों को मौके से दबोच लिया। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
जासं, गाजियाबाद: खुले में दीवार पर पेशाब करने से रोकने पर पहले गाली-गलौज की और फिर बाद में साथियों संग घर में घुसकर हमला कर दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना 13 जून को देर रात की है। इसमें पीड़ित पक्ष ने कांग्रेस नेता के भतीजे समेत दो लोगों को मौके से दबोच लिया। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
सिहानी सद्दीकनगर में रहने वाले सौरभ कश्यप ने बताया कि 13 जून को उनकी मां गाय का दूध निकालने गई थीं। पास में दीवार पर पड़ोसी अन्नूपाल शराब के नशे में धुत होकर पेशाब कर रहा था। आरोप है कि वह इससे पहले भी ऐसा कर चुका था। महिला ने मना किया तो आरोपित ने गाली-गलौज की। उनके बेटे ने विरोध किया तो उस समय आरोपित भाग गए। सौरभ के मुताबिक छोटे भाई की शादी के चलते घर पर संगीत का कार्यक्रम था और महिलाएं छत पर गीत गा रही थीं। रात 11 बजे अन्नू ने विवेक पाल, गुलशन कुमार, पिप्पू, बंटी व गुर्जर समेत अन्य के साथ मिलकर उनके घर पर हमला बोल दिया और लाठी डंडे से भाई मोनू कश्यप व कपिल और चाचा सुभाष के सिर पर वार कर दिया। इसके चलते खून बहने लगा। आसपास के लोग आए तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए, लेकिन मौके से गुलशन कुमार और विवेक पाल लोगों ने पकड़ लिया। गुलशन, अन्नू व विवेक कांग्रेस की ओर से कांग्रेस नेता लालमन लस्सी वाले के भतीजे हैं। एसएचओ दलीप सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ बलवा, मारपीट व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।