राजपथ पर जिले का गौरव बढ़ाएंगी शहर की पांच बेटियां
राजपथ पर 26 जनवरी को होने वाली पैरड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले की पांच बेटियों का चयन हुआ है जोकि वहां हिस्सा लेकर गाजियाबाद का नाम रोशन करेंगी। उत्तर प्रदेश से इस बार 39 एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स का चयन हुआ है जिनमें से पांच कैडेट्स गाजियाबाद की चयनित हुई हैं। वहीं राजपथ पर पूरे देश के एनसीसी कैडेट्स का नेतृत्व भी गाजियाबाद के कमांडेंट ऑफिसर जेपी सिंह कर रहे हैं।
राहुल सिंह, गाजियाबाद
राजपथ पर 26 जनवरी को होने वाली परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले की पांच बेटियों का चयन हुआ है। ये वहां हिस्सा लेकर गाजियाबाद का नाम रोशन करेंगी। उत्तर प्रदेश से इस बार 39 एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स का चयन हुआ है। इनमें से पांच कैडेट्स गाजियाबाद की चयनित हुई हैं। वहीं, राजपथ पर पूरे देश के एनसीसी कैडेट्स का नेतृत्व भी गाजियाबाद के कमांडेंट ऑफिसर जेपी सिंह कर रहे हैं।
एनसीसी से मिली जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के कविनगर स्थित यूपी की 13वीं गर्ल्स एनसीसी बटालियन की कैडेट्स हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाली परेड में चुनी जाती हैं। इस बार भी बटालियन की पांच कैडेट्स राजपथ पर होने वाले कार्यक्रम में चुनी गई हैं। एनसीसी अधिकारियों का कहना है कि बटालियन की कैडेट दिव्या देश के 144 गर्ल्स के साथ राजपथ पर होने वाली परेड में हिस्सा लेंगी। दिव्या बादलपुर पीजी कॉलेज में बीए की छात्रा हैं। वहीं, सेंट थॉमस इंदिरापुरम स्कूल में नौवीं क्लास में पढ़ने वाली वंशिका, डीपीएसजी में नौवीं क्लास में पढ़ने वाली विदुषी और गिन्नी देवी मोदीनगर कॉलेज में बीए में पढ़ने वाली रिया राजपथ पर होने वाली सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। गाजियाबाद की यह तीनों कैडेट्स कथक, सामूहिक गान और राष्ट्रीय एकता जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेंगी। वहीं, गाजियाबाद की पांचवीं कैडेट साक्षी भी पीएम रैली में शामिल होंगी। अधिकारियों की मानें तो पांच कैडेट को गाजियाबाद की सैकड़ों के बीच से उनकी ड्रिल और अनुशासन के आधार पर चुना गया है। सभी 31 दिसंबर से दिल्ली में गई हुई हैं, जोकि लगातार रिहर्सल कर रही हैं।
कमांडेंट जेपी सिंह दे रहे एनसीसी कैडेट्स को प्रशिक्षण
13वीं गर्ल्स एनसीसी बटालियन के कमांडेंट ऑफिसर जेपी सिंह राजपथ पर देशभर से आए एनसीसी के सैकड़ों कैडेट्स का नेतृत्व कर रहे हैं। वह सभी कैडेट्स को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वह 31 दिसंबर से लगातार दिल्ली में ही कैडेट्स के साथ डटे हुए हैं। वहीं, गाजियाबाद के सूबेदार मैनेजर महेंद्र सिंह और गर्ल्स कैडेट की इंस्पेक्टर पूजा तोमर भी कैडेट्स के साथ लगातार उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रशिक्षण दे रही हैं।