चुन्नी से गला घोटकर की महिला की हत्या
कोतवाली क्षेत्र की मुस्तफाबाद कालोनी में चुन्नी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह महिला का एक दिन पुराना शव चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस महिला के एक रिश्तेदार पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुटी है।
संवाद सहयोगी, लोनी : कोतवाली क्षेत्र की मुस्तफाबाद कॉलोनी में चुन्नी से गला घोटकर महिला की हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह महिला का एक दिन पुराना शव चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस महिला के एक रिश्तेदार पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुटी है।
मुस्ताफबाद कॉलोनी निवासी खलील रेलवे में गार्ड की नौकरी करते थे। 15 वर्ष पूर्व उनकी मौत के बाद पत्नी अकबरी (65) जेठ के पोते के साथ रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोसी युवक ने पुलिस को उनके चारपाई पर मृत पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने पाया कि मृतका के गले में चुन्नी से फंदा पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। लोनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने बताया कि शव देखने में एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की संतान नहीं थी। उनके जेठ का पोता उन्हीं के पास रहता था। जांच के दौरान पता चला कि मृतका अपने पचास वर्गगज के मकान को मस्जिद के लिए दान करना चाहती थी। उन्होंने बताया कि जेठ का पोता घर से फरार है। प्रारंभिक जांच में मृतका के पोते पर हत्या का शक प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।