भाजपा नेता बीएस तोमर हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता आरिफ गिरफ्तार
20 जुलाई को डासना में हुए भाजपा नेता डॉ. बीएस तोमर हत्याकांड में मसूरी पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। पकड़ा आरोपित डासना नगर पंचायत चेयरमैन का पति है। राजनैतिक द्वेश के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है एक अन्य आरोपित को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : 20 जुलाई को डासना में हुए भाजपा नेता डॉ. बीएस तोमर हत्याकांड में मसूरी पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। पकड़ा आरोपित डासना नगर पंचायत चेयरमैन का पति है। राजनीतिक द्वेष के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। एक अन्य आरोपित को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
एसएचओ मसूरी नरेश सिंह ने बताया कि डॉ. बीएस तोमर की हत्या के मामले में जांच के दौरान डासना निवासी आरिफ और मेहताब कुरैशी के नाम सामने आए थे। दोनों पर हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार देर रात आरिफ के बारे में सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने आरिफ को बाला जी होटल के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के वक्त आरोपित भागने की फिराक में था। पूछताछ में आरिफ ने बताया कि वह डासना नगर पंचायत चेयरमैन का पति है। एसएचओ का कहना है डॉ. तोमर भाजपा के मंडल अध्यक्ष थे और सत्तारूढ़ दल में उनकी खासी पकड़ थी। वह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। इससे उसके राजनैतिक हित प्रभावित हो रहे थे। इसके अलावा उनके धर्म की लड़की को भगा ले जाने वाले दूसरे धर्म के युवक को बीएस तोमर संरक्षण दे रहे थे। जिसके चलते आरोपित आरिफ ने अन्य आरोपितों के साथ मिलकर तोमर की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने आरिफ को जेल भेज दिया है। अन्य आरोपित महताब कुरैशी की तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस पहले 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।