बंदरों के आतंक पर समिति के काम से हाईकोर्ट असंतुष्ट, SOP न बनने पर जताई चिंता; 13 जनवरी को अगली सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बंदरों के आतंक और पुनर्वास पर गठित समिति के कामकाज पर असंतोष व्यक्त किया है। कोर्ट ने पाया कि समस्या के दीर्घकालिक समाधान और बंदरों को पकड़ने व पुनर्वासित करने के लिए अभी तक कोई एसओपी तैयार नहीं हुई है।
-1795937284270_m.webp)
राजनगर के रिहायशी इलाके में घर की बाउंड्री चाल पर बैठा बंदर। जागरण आर्काइव
HighLights
हाईकोर्ट ने बंदरों के पुनर्वास समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बंदरों को पकड़ने, पुनर्वास के लिए अब तक एसओपी नहीं बनी।
समिति को मासिक बैठकें जारी रखने और रिपोर्ट देने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्रदेश में बंदरों के बढ़ते आतंक, मानव-बंदर संघर्ष और उनके पुनर्वास की समस्या पर शासन स्तर पर गठित समिति की कार्यप्रणाली से इलाहाबाद हाईकोर्ट संतुष्ट नहीं है।
बंदरों को पकड़ने और दूसरे स्थानों पर पुनर्वासित करने की कार्रवाई कई जिलों में होने का दावा किया गया, लेकिन समस्या के दीर्घकालिक समाधान को लेकर अब तक ठोस चर्चा तक नहीं हुई। बंदरों को पकड़ने, परिवहन करने और पुनर्वासित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार नहीं हो सकी है।
हाईकोर्ट ने समिति को अपना काम जारी रखने और विभिन्न विभागों व स्थानीय निकायों से आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की अपेक्षा जताई है। इस संबंध में गाजियाबाद के लोगों ने होई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी।
सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की
27 नवंबर 2026 को मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने जनहित याचिका गाजियाबाद के विनीत शर्मा व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य, पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।
कोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से गाजियाबाद के अधिवक्ता आकाश वशिष्ठ व पवन कुमार तिवारी पेश हुए। वहीं, राज्य और अन्य प्रतिवादियों की ओर से एएसजीआई, अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल, अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता एके गोयल, स्थायी अधिवक्ता राजीव सिंह समेत अन्य अधिवक्ताओं ने पक्ष रखा।
कोर्ट के समक्ष छह नवंबर 2026 को समिति की बैठक से संबंधित निर्देश और कार्यवाही पेश की गई। इसमें बताया गया कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। कई जिलों में बड़ी संख्या में बंदरों को पकड़कर पुनर्वासित करने की जानकारी भी दी गई।
कोई स्पष्ट पहल नहीं हुई
कोर्ट ने पाया कि बंदरों की समस्या के दीर्घकालिक समाधान की दिशा में अब भी कोई स्पष्ट पहल नहीं हुई है। समिति की बैठक में संबंधित विभागों से फीडबैक लेने के अलावा कोई सकारात्मक कार्रवाई सामने नहीं आई। बंदरों को पकड़ने, परिवहन और पुनर्वास के लिए एसओपी तैयार करने की जरूरत थी, लेकिन यह भी अब तक नहीं हो सका।
27 नवंबर के आदेश में हाईकोर्ट ने समिति को मासिक बैठकें जारी रखने और अगली बैठक का विवरण अगली सुनवाई पर प्रस्तुत करने की अपेक्षा जताई है। मामले की अगली सुनवाई 13 जनवरी 2027 को होगी।
बंदरों के आतंक पर जनहित याचिका से शुरू हुई कार्रवाई
गाजियाबाद के राजनगर निवासी विनीत शर्मा और अन्य की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिका में प्रदेशभर में बंदरों की बढ़ती संख्या, लोगों पर हमले, मानव-बंदर संघर्ष, फसलों को नुकसान, बंदरों के भोजन और प्राकृतिक आवास की कमी तथा उनके खराब रहन-सहन की स्थिति का मुद्दा उठाया गया है। याचिकाकर्ताओं ने लोगों की सुरक्षा के साथ बंदरों के संरक्षण और बेहतर जीवन परिस्थितियों के लिए भी कदम उठाने की मांग की है।
इस मामले में शासन स्तर पर 15 जुलाई 2026 को 13 सदस्यीय हाई पावर्ड कमेटी गठित की गई थी। समिति को याचिकाकर्ताओं की कार्ययोजना पर विचार करने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और समस्या से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई।
शहरी क्षेत्रों से बंदरों को पकड़ने, परिवहन करने और सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने की कार्रवाई भी जारी रखने के निर्देश दिए गए थे। दीर्घकालिक समाधान के लिए वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया से भी अध्ययन और रणनीति तैयार करने में सहयोग मांगा गया था।
विभागों की जिम्मेदारी तय करने के बावजूद समाधान अधूरा
इससे पहले हाईकोर्ट कई बार विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर असमंजस पर नाराजगी जता चुका है। वन विभाग, नगर निकाय और दूसरे संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण समस्या के प्रभावी समाधान में देरी हो रही थी।
शासन स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने, प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, बंदरों को पकड़ने और पुनर्वास की व्यवस्था बनाने जैसे कदम प्रस्तावित किए गए, लेकिन अब अदालत ने समिति के काम की निरंतरता और वास्तविक प्रगति पर जोर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।