मास्क व हेलमेट नहीं पहनने वालों पर हुई कार्रवाई
आंतरिक सड़कों पर पुलिस ने मास्क व हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : ट्रांस हिडन में शुक्रवार को सीमाओं पर नरमी और आंतरिक सड़कों पर सख्ती रही। आंतरिक सड़कों पर पुलिस ने मास्क व हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं जुमा के नमाज के मद्देनजर मस्जिदों के आसपास कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रही।
इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन, खोड़ा में शुक्रवार सुबह से शाम तक आंतरिक सड़कों पर पुलिस की सख्ती दिखी। तिराहे-चौराहे पर बैरियर लगाकर पुलिस जांच-पड़ताल करती देखी गई। इस दौरान मास्क, हेलमेट व सीट बेल्ट नहीं पहनने वालों का पुलिस ने चालान काटा। जुर्माना वसूला। इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया है कि कोविड 19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दुकानदारों के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है। बिना जांच के दिल्ली से हुई आवाजाही : शुक्रवार को दिनभर यूपी गेट व भोपुरा सीमा से बेरोकटोक दिल्ली से आवाजाही हुई। बिना मास्क व हेलमेट के भी लोग दिल्ली जाते वह आते दिखे। शाम को सीमाओं पर पुलिस ने जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटा।