विवाहिता को गायब कर हत्या करने का लगाया आरोप
जासं गाजियाबाद विजयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा अगवा कर
जासं, गाजियाबाद : विजयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा अगवा कर हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता का दहेज उत्पीड़न करते थे और मांग पूरी न होने पर पति दूसरी शादी करना चाहता था। इसके चलते आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष ने विवाहिता को अगवा कर उसकी हत्या कर दी है। इस संबंध में विवाहिता के भाई ने विजयनगर थाने में ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोनी देहात निवासी चिरागुद्दीन का आरोप है कि उसने अपनी बहन रुखसार की शादी सितंबर 2015 में विजयनगर मिर्जापुर निवासी अबरार से की थी। शादी के समय पूरा दान दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष रुखसार पर और दहेज लाने का दबाव बनाकर उसके साथ मारपीट करते थे और उसका मानसिक उत्पीड़न करते थे। शादी के बाद रुखसार ने एक बच्ची को जन्म दिया। वर्तमान में वह चार साल की है। आरोप है कि चिरागुद्दीन 17 जुलाई को बहन ने उसे बताया कि पति उसे तलाक देकर दूसरी शादी करना चाहता है। भाई ने इसका विरोध किया तो ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की। चिरागुद्दीन का आरोप है कि कि उसकी बहन 23 जुलाई से गायब है। उसने आशंका जताई है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया है। इसके बाद वह 24 जुलाई को थाने गया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब पुलिस ने बृहस्पतिवार को पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।