गाजियाबाद: इंदिरापुरम की पॉश सोसायटी आदित्य मेगा सिटी में आग, 5वें फ्लोर पर एसी ब्लास्ट से मचा हड़कंप
इंदिरापुरम के आदित्य मेगा सिटी की पांचवीं मंजिल पर एसी में शार्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लग गई। ...और पढ़ें

HighLights
एसी में शार्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लगी।
दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग बुझाई।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, धुआं फैला।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में वैभव खंड स्थित आदित्य मेगा सिटी की पांचवीं मंजिल पर शनिवार दोपहर एसी में हुए शार्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लग गई।
दमकल कर्मियों ने बीए सेट पहनकर सोसायटी के फायर फाइटिंग सिस्टम में आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया, जिसके चलते निवासियों को परेशानी हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब सवा दो बजे आदित्य मेगा सिटी में पांचवीं मंजिल पर एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी।
दमकल कर्मी दो फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर पता चला कि एसी में शार्ट सर्किट के बाद स्टोर रूम में आग लगी है। आग के कारण सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था।
पूरे टावर में फैल गया था धुआं
आग से उठने वाला धुआं पूरे टावर में फैल गया था। मेंटेनेंस कर्मचारियों ने सोसायटी के फायर फाइटिंग सिस्टम से आग बुझाने का प्रयास किया था लेकिन तीव्रता अधिक होने के कारण आग पर काबू नहीं पा सके।
दमकल कर्मी सीढ़ियों से पांचवीं मंजिल तक पहुंचे। बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनकर फ्लैट के अंदर जाने के बाद सोसायटी में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
एग्जास्ट फैन से धुआं उठाकर करीब आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मोहित कुमार फ्लैट में किराये पर रहते हैं। उनके एसी में शार्ट सर्किट के बाद आग लगी थी। आग की चपेट में आने से स्टोर रूम में रखा सामान घरेलू सामान जल गया है।
