शहर में जलभराव के 73 स्थान चिह्नित
जासं गाजियाबाद मानसून आने से पहले चंद घंटों की बारिश में ही शहर में जलभराव हो गया। ऐ
जासं, गाजियाबाद: मानसून आने से पहले चंद घंटों की बारिश में ही शहर में जलभराव हो गया। ऐसे में शुक्रवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर खुद जलभराव वाले स्थानों को देखने के लिए निकले। इस दौरान शहर में जलभराव वाले 73 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए तीन श्रेणियों में नालों की सफाई की योजना बनाई गई है। जलनिकासी के लिए टेक्निकल टीम की मदद ली जाएगी।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि रेड, येलो और ग्रीन नाम से तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। रेड श्रेणी में वो नाले होंगे, जिनकी सफाई के लिए ठेकेदार की आवश्यकता होगी। येलो श्रेणी में वो नाले होंगे, जिनकी सफाई नगर निगम के संसाधनों द्वारा कराई जा सकती है। ग्रीन श्रेणी में वो नाले होंगे, जहां पर सफाई कर्मचारी खुद ही नाले की सफाई कर सकते हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए निर्देश: नालों की सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को निर्देश दिए हैं। नालों की सफाई की व्यवस्था को ठीक कराने में पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा। पटेल नगर में जलभराव पर एनसीआरटीसी का पक्ष: पटेल नगर द्वितीय में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस मामले में एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि मेरठ तिराहा पर नाले के सामान्य फ्लो को बनाए रखने के लिए नाले के समान चौड़ाई की लंबी पाइप डाली है। इस स्थल से नजदीक नगर निगम का खुला नाला है। जिसमें कचरा रोकने के लिए जाली लगाई गई है। ज्यादा बारिश होने पर समस्या हुई तो नगर निगम ने जाली के पास नाले की सफाई करवाई। इससे समस्या खत्म हुई।