संक्रमित अफसर को जबरन कराया भर्ती
आनन-फानन में दोनों बाप-बेटा को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफसर के अस्सी वर्षीय पिता की हालत खराब बताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : एक प्रशासनिक अफसर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन न किए जाने पर होम आइसोलेशन से जबरन उठाकर कोविड एल-2 संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया है।
दरअसल, तीन दिन पहले उक्त अफसर के संक्रमित होने पर कार्यालय को सील करना पड़ा। होम आइसोलेशन की अनुमति मिलने के बाद उक्त अफसर बाहर घूमने लगा। परिवार की जांच कराई गई तो उनके बुजुर्ग पिता भी संक्रमित पाए गए। आनन-फानन में दोनों बाप-बेटा को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफसर के अस्सी वर्षीय पिता की हालत खराब बताई जा रही है।
आरोपी संक्रमित,एंबुलेंस में बैठने से कर दिया इन्कार
विजयनगर पुलिस ने एक नाबालिग को किसी केस में गिरफ्तार किया तो पुलिस उसे लेकर अस्पताल जा पहुंची। कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। दारोगा और दो महिला सिपाही जांच रिपोर्ट की सुनकर भागने लगे। एक सिपाही ने एंबुलेंस के लिए फोन कर दिया। एंबुलेंस आई तो दो महिला सिपाहियों ने संक्रमित आरोपी के साथ एंबुलेंस में बैठने से इन्कार कर दिया। आधा घंटे बाद एंबुलेंस चालक चला गया। दोबारा एंबुलेंस आई और एक सिपाही उसके साथ बैठी तो दूसरी दारोगा के साथ कोविड एल-2 अस्पताल में पहुंची। 222 नए मामले
जिले में कोरोना के 222 नए मामले मिले हैं। इनमें वाणिज्य कर विभाग के एक कर्मचारी व उनकी पत्नी, अग्निशमन स्टेशन वैशाली में तैनात एक सिपाही व उसके परिवार के दो सदस्य शामिल हैं। चार परिवारों के 16 सदस्य और एक दो साल का बच्चा भी संक्रमित हो गया है। लोनी और ट्रॉनिका सिटी थाने के तीन सिपाही भी संक्रमित हो गए हैं। चार गर्भवती महिलाओं को संक्रमित होने पर कोविड एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक स्वस्थ होने पर 245 मरीजों की अस्पतालों से छुट्टी कर दी गई है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1642 हो गई है। करीब सौ मरीजों को होम आइसोलेशन की अनुमति दी गई है। 62 मरीजों को सरकारी कोविड अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आठ मरीज पहले से ही निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। जिले में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रहा है। जिले में स्वस्थ होने वालों की संख्या 8504 हो गई है। सीरो सर्वे के तहत 60 बच्चों के लिए गए सैंपल
सीरो सर्वे खत्म होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जब सैंपल का डाटा देखा तो बच्चों के सैंपल कम रह गए। शासन स्तर से कड़ी फटकार लगी तो आनन-फानन में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दस क्षेत्रों में जाकर 60 बच्चों के सैंपल लिए। सैंपल एकत्र करने के बाद लखनऊ भेज दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों के सैंपल होने जरूरी थे, जो कम रह गए थे। इससे पहले 1440 सैंपल भेजे गए थे। अब कुल सैंपल डेढ़ हजार हो गए हैं।
कोरोना मीटर: गाजियाबाद
कुल केस/24 घंटे में- 10221/222
सक्रिय केस/24 घंटे में- 1642/98
स्वस्थ हुए/24 घंटे में- 8504/245
कुल मौत/24 घंटे में- 73/00
कुल टेस्ट/24 घंटे में- 229432/2892