गाजियाबाद और नोएडा में रोशन होंगे 13 हजार से ज्यादा घर, सरकार ने दी बिजली कनेक्शन की मंजूरी
गाजियाबाद और नोएडा के डूब क्षेत्र में 13,150 घरों को अब अस्थायी बिजली कनेक्शन मिलेंगे।

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated image)
HighLights
गाजियाबाद-नोएडा के डूब क्षेत्र में 13,150 घरों को बिजली कनेक्शन
14 साल बाद विद्युत ढांचे में सुधार, 27.25 करोड़ का खर्च
अस्थायी कनेक्शन से हजारों परिवारों को राहत, बिजली चोरी पर अंकुश
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। डूब क्षेत्र में वर्षों से बिजली कनेक्शन का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों के घर अब रोशन होंगे। शासन ने गाजियाबाद और नोएडा के चिन्हित डूब क्षेत्र में बचे हुए 13,150 घरों को अस्थायी बिजली कनेक्शन देने की मंजूरी दी है।
इसके लिए विद्युत ढांचे के विस्तार पर करीब 27.25 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। लंबे समय से बिजली के वैध कनेक्शन से वंचित परिवारों को इससे राहत मिलने के साथ ही कटिया और अन्य अवैध तरीकों से बिजली लेने की समस्या पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
शासन के निर्देश
शासन से मिले निर्देश के क्रम में नोएडा के खंड प्रथम और गाजियाबाद के खंड पंचम और अष्टम में कुल करीब 18,650 मकान चिन्हित हैं। इनमें लगभग 5,500 घरों में पहले से बिजली कनेक्शन हैं, जबकि 13,150 घरों में कनेक्शन दिया जाना बाकी है। नोएडा प्रथम खंड के छिजारसी, चोटपुर आदि क्षेत्रों में सबसे अधिक 10 हजार कनेक्शन प्रस्तावित हैं।
गाजियाबाद अष्टम खंड के कनावनी में करीब तीन हजार और गाजियाबाद पंचम खंड के शिव विहार में 150 घरों को कनेक्शन मिलेगा। विद्युत ढांचा विकसित करने के लिए नोएडा खंड-प्रथम में 22 करोड़, गाजियाबाद खंड-पंचम में 25 लाख और खंड अष्टम में दो करोड़ की अनुमानित लागत आएगी।
दरअसल, डूब क्षेत्र में करीब 14 वर्षों से विद्युत तंत्र में सुधार संबंधी कार्य नहीं हो सके थे। इससे जर्जर विद्युत व्यवस्था, बिजली चोरी और दुर्घटना का खतरा बना रहा। अब विद्युत ढांचे का विस्तार कर वैध आपूर्ति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। हालांकि शासन ने कनेक्शन देने के साथ शर्त भी स्पष्ट कर दी है।
किन-किन चीजों की होगी जरूरत?
अस्थायी बिजली कनेक्शन को जमीन के मालिकाना हक, कब्जे या निर्माण की वैधता का प्रमाण नहीं माना जाएगा। आवेदक को आधार कार्ड, फोटो, भवन की जियो-टैग्ड फोटो और निर्धारित घोषणा देनी होगी। मीटर और सर्विस केबल सहित निर्धारित शुल्क आवेदक को देना होगा। भविष्य में सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्माण हटाए जाने की स्थिति में कनेक्शन भी काटा जा सकेगा।
'शासन के निर्देश के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराकर कनेक्शन देने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। विद्युत ढांचे की स्थापना के बाद पात्र आवेदकों को अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।'- अनिल कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता, जोन-प्रथम
खंड प्रमुख क्षेत्र अनुमानित मकान पहले से कनेक्शन अब दिए जाने वाले कनेक्शन
- नोएडा प्रथम छिजारसी, चोटपुर आदि- 14,000 4,000 10,000
- गाजियाबाद पंचम शिव विहार- 150 0 150
- गाजियाबाद अष्टम कनावनी- 4,500 1,500 3,000
- कुल तीन खंड- 18,650 5,500 13,150
नंबर गेम-
- नए अस्थायी कनेक्शन- 13,150
- विद्युत ढांचे के विस्तार की अनुमानित लागत- 27.25 करोड़
- कुल चिन्हित मकान- 18,650
- पहले से बिजली कनेक्शन वाले मकान- 5,500
- अनुमानित आबादी- करीब 60 हजार
- विद्युत तंत्र में सुधार कार्य प्रभावित रहने की अवधि- 14 साल
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में सौतेले पिता को नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा
