ठगी की शिकार महिलाओं का थाने पर प्रदर्शन
जनपद के थाना उत्तर क्षेत्र के सत्यनगर में कुद युवकों ने एनजीओ बनाकर महिलाओं से राशन के नाम पर ठगी की।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: थाना उत्तर क्षेत्र के सत्यनगर में एनजीओ बना महिलाओं से राशन कार्ड बनवाने, सिलाई मशीन दिलाने आदि के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ महिलाओं ने शुक्रवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने छापा मारकर एनजीओ से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला सत्य नगर से जुड़ा है। एएसएस नाम से एनजीओ चलाने वाले कुछ युवक पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जाकर महिलाओं से संपर्क कर रहे थे। राशन कार्ड बनवाने, उज्ज्वला गैस कनेक्शन एवं सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर फॉर्म भरे तथा सौ से पांच सौ रुपये ले लिए। महिलाओं को जब अपने साथ ठगी की जानकारी हुई तो आशा, शकुंतला, सीता, सुनीता महिलाएं थाना उत्तर पर पहुंच गई तथा उन्होंने प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था उनसे सौ से लेकर पांच सौ तक ठगी हुई है। एक सैकड़ा महिलाएं इनकी ठगी की शिकार हुई हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले भी उन्होंने यहां थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। प्रदर्शन के बाद पुलिस पांच आरोपितों को पकड़ लाई। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए लोगों का नाम नहीं बताया है।