यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Firozabad: खूंखार बंदरों का आतंक, चूड़ी गोदाम स्वामी की पत्नी पर झुंड ने किया हमला, छत से गिरकर महिला की मौत
Firozabad News पानी की टंकी देखने के लिए छत पर पहुंचने के दौरान पहुंचा था झुंड। स्ट्रीट लाइट से टकराते ...और पढ़ें

फिरोजाबाद, जागरण टीम। आवारा बंदरों के आतंक ने शहर में एक और जान ले ली। गली बोहरान क्षेत्र में श्याम गली निवासी चूड़ी गोदाम स्वामी की 28 वर्षीय पत्नी बंदरों के हमले से बचने के दौरान छत से गिर गई। घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद गली में अफरातफरी मच गई। परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इससे पहले बंदरों के हमले में नवंबर में युवा चूड़ी कारोबारी की मौत हुई थी।
छत पर पानी की टंकी देखने गई थी
चूड़ी गोदाम स्वामी अंकित गुप्ता की पत्नी रेनू गुप्ता बुधवार सुबह सवा आठ बजे अपने तीन मंजिला मकान की छत पर पानी की टंकी देखने गई थी। स्वजन के अनुसार, इस बीच बंदरों के झुंड ने हमला बोल दिया। उनसे बचने के लिए वह भागी, इस बीच उसका पैर फिसल गया। वह मकान के सामने गली में लगी स्ट्रीट लाइट से टकराते हुए गिर गईं। रेनू की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
उनके गिरने की आवाज सुन कर स्वजन व पड़ोसी मकान के बाहर निकले। उन्हें आनन-फानन में सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया, डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को लेकर घर पहुंचे। सूचना पर पैमेश्वर गेट निवासी रेनू के पिता संजय कुमार और अन्य स्वजन भी मौके पर पहुंचे। रेनू की शादी आठ साल पहले हुई थी।
परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे विधायक
सदर विधायक मनीष असीजा ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इंस्पेक्टर दक्षिण राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना नहीं है।
ये भी पढ़ें...
आठ नवंबर को गई थी चूड़ी गोदाम स्वामी की गई थी जान
दो महीने में बंदरों के हमले से बचने के चक्कर में मौत की दूसरी घटना है। आठ नवंबर को दक्षिण थाना क्षेत्र के नंदराम चौक नई बस्ती निवासी चूड़ी गोदाम स्वामी आशीष अग्रवाल जैन की अपने मकान की छत से गिरने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना में खूंखार बंदराें ने आशीष के बाल भी नोंच लिए थे।
