जलभराव की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन
समस्याओं के समाधान न होने पर दी चेतावनी पुष्पा एन्क्लेव गणेश नगर लक्ष्मी नगर में रहने वाले लोग नारकीय जीवन जीने को विवश।
संवाद सहयोगी, टूंडला: गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों ने रविवार को प्रदर्शन कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
पुष्पा एन्क्लेव, गणेश नगर, लक्ष्मी नगर कालोनी में रहने वाले नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। आबादी के बीच जलभराव रहने के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर है। इसके साथ ही गंदगी ने जीना मुहाल कर दिया है। रविवार को प्रदर्शन के दौरान एसके गुप्ता ने कहा कि शिकायत करने पर डीएम के साथ ही तत्कालीन कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने भी निरीक्षण कर समस्या के समाधान का भरोसा दिया था। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। सुरेंद्र कुलश्रेष्ठ, सुतीक्षण कुमार, एनपी श्रीवास्तव, मनोज सोलंकी, सुधीर शर्मा, तरुण गौतम, पंकज सक्सेना, सीताराम यादव, जगदीश निषाद, अश्वनी कुमार, एसके उपाध्याय आदि मौजूद रहे।