पाढ़म के स्कूल में बंद किया बेसहारा गोवंश, जमकर किया हंगामा
जसराना, संवाद सहयोगी। सोमवार की सुबह पाढ़म के प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों ने बेसहारा गोवंश को खेतों से निकाल कर बंद कर दिया। इस कारण बच्चे नहीं पढ़ सके। प्रधानाध्यापक को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद भी काफी देर हंगामा हुआ। बाद में गोशाला भेजे जाने के बाद ही मामला शांत हुआ।
जसराना, संवाद सहयोगी। बेसहारा गोवंश को स्कूल व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बंद करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार की सुबह पाढ़म के प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों ने बेसहारा गोवंश को खेतों से निकाल कर बंद कर दिया। इस कारण बच्चे नहीं पढ़ सके। प्रधानाध्यापक को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद भी काफी देर हंगामा हुआ।
गोवंश से खेती को काफी नुकसान हो रहा है। परेशान ग्रामीण सोमवार की सुबह एकत्र हो गए। उन्होंने गोवंश को चारों तरफ से घेरना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। बच्चे पढ़ने आए तो स्कूल में गाय व सांड़ देख लौट गए। प्रधानाध्यापक जहीन अहमद भी स्कूल का हाल देख हैरान रह गए। उन्होंने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद नायब तहसीलदार अरुण कुमार अपनी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने पुलिस भी बुला ली। इसके बाद स्कूल खोलकर गोवंश को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि मुक्त कर दिया तो गोवंश फिर नुकसान करेगा। इस दौरान कुछ व्यापारी भी वहां आ गए। उनके समझाने पर ग्रामीण मान गए। इसके बाद गोवंश को स्कूल से निकालकर बड़ा गांव स्थित गोशाला में पहुंचाया गया।