निगम में दिनभर खड़े रहे वाहन, नहीं उठा कूड़ा
नगर निगम में डीजल संकट गुरुवार को भी दूर नहीं हो सका। दिनभर सफाई वाहन नहीं निकले, जिससे कूडा भी नहीं उठ सका। एसडीएम ने बाद में कुछ डीजल दिलाया, तब जाकर कुछेक वाहन रात को निकल सके।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नगर निगम में डीजल संकट गुरुवार को भी दूर नहीं हो सका। आपूर्ति न होने से वर्कशॉप से सफाई वाहन नहीं निकल सके। इससे शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे। एसडीएम ने पंप मालिक से वार्ता कर शाम को 400 लीटर डीजल दिलाया। इसके बाद रात में कुछ इलाकों में सफाई कराई गई।
नगर आयुक्त रविंद्र पाल सिंह और प्रभारी अपर नगर आयुक्त एवं एक्सईएन विकास कुरील के अवकाश पर होने के कारण निगम की व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई हैं। पंप का भुगतान न होने के कारण डीजल तक नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार दोपहर निगम में आए एसडीएम मुख्यालय देवेंद्र ¨सह को इस बारे में जानकारी हुई। इसके बाद जिला प्रशासन ने शाम को डीजल उपलब्ध कराया। जोनल सेनेटरी ऑफीसर दलवीर ¨सह ने बताया कि डीजल की इतनी मात्रा से सफाई उपकरण एक दिन शहर में निकल सकेंगे।