घर पहुंचने के ढाई घंटे बाद छुट्टी रद, तनाव में आए यूपी पुलिस के सिपाही ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
फिरोजाबाद के अरांव थाने में तैनात सिपाही प्रेमवीर सिंह ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छुट्टी रद्द होने और शादी टूटने की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिससे परिवार में मातम छा गया है।

अरांव थाने के सिपाही प्रेमवीर सिंह की फाइल फोटो।
HighLights
अरांव थाने के सिपाही प्रेमवीर सिंह ने की आत्महत्या।
छुट्टी रद्द होने और शादी टूटने की बात सामने आई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की गहन जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, सिरसागंज (फिरोजाबाद)। अरांव थाने में तैनात सिपाही ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार शाम को साथी ने सिपाही का शव फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना की सूचना स्वजन को दी।
स्वजन ने बताया कि 25 नवंबर को चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह मंगलवार सुबह ही घर गए थे। घर पहुंचने के ढाई घंटे बाद ही छुट्टी निरस्त होने की बात कहकर लौट आए थे।
फर्रुखाबाद के थे रहने वाले
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी किसान वैशराम सिंह यादव के 29 वर्षीय पुत्र प्रेमवीर सिंह वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे। वर्तमान में प्रेमवीर की तैनाती अरांव थाने में थी। वह कस्बे में टीवीएस एजेंसी के पास चंद्रपाल सिंह के मकान में किराए पर रह रहे थे। साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि प्रेमवीर की शादी नहीं हुई थी।
अचानक से वापस चले गए थे
तहेरे भाई प्रवेश यादव ने बताया कि 25 नवंबर को चचेरी बहन प्रेमलता की शादी है। प्रेमवीर सिंह छुट्टी लेकर मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे गांव पहुंचे थे। 11 बजे अचानक वह वापस चल दिए। चलते-चलते सिर्फ इतना बताया कि एसओ साहब से छुट्टी निरस्त कर दी है। शादी शामिल हो पाएंगे या नहीं यह थाने पहुंचकर ही पता चलेगा। दोपहर दो बजे वह घर से थाने पहुंचे और कामकाज करने के बाद चार बजे कमरे पर चले गए
घर पहुंचते ही छुट्टी निरस्त होने की बात कहकर लौट आए थे वापस
थाने पर तैनात सिपाही गोविंद कुमार मंगलवार शाम साढ़े छह बजे प्रेमवीर सिंह को बुलाने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो गोविंद ने कमरे में लगी खिड़की को खोलकर देखा। अंदर प्रेमवीर सिंह का शव कमरे में फंदे पर लटका था।
सूचना पर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारने के साथ ही सिपाही के स्वजन को सूचना दी।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी और फोरेंसिक टीम ने जांच की। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। सिपाही की शादी टूटने और छुट्टी से वापस बुलाए जाने की बात सामने आई है। सीओ सिरसागंज मामले की जांच कर रही हैं।
शादी वाले घर में छाया मातम
घर में चचेरी बहन प्रेमलता की 25 नवंबर को शादी है। सिपाही की मृत्यु की खबर से घर में मातम छा गया। तहेरे भाई प्रवेश यादव ने बताया कि प्रेमवीर सिंह के पिता गांव में खेती करते हैं। बड़े भाई रामवीर नोएडा में ट्रैवल्स एजेंसी संचालित करते हैं। जबकि उनके छोटे भाई श्यामवीर की गांव में ही परचून की दुकान है। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। वह तीन भाई और चार बहनों में सबसे छोटे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।