सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत
एका में टेंपो पलटने से पति को खाना देकर लौटती महिला मरी - उसायनी में टेंपो ट्रक में घुसा आगरा की महिला ने तोड़ा दम
फीरोजाबाद, जासं: गुरुवार शाम टूंडला के उसायनी और एका क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। इनमें एक महिला आगरा की निवासी है।
थाना एका क्षेत्र के एटा रोड स्थित गांव श्यामपुर मोड़ पर गुरुवार शाम टेंपो पलटने से इंद्रवती पत्नी शोभाराम की मौत हो गई। नगला हरजू निवासी शोभाराम ने बताया कि वह एका कस्बा में मूंगफली की ढकेल लगाता है। पत्नी इंद्रवती दोपहर में खाना लेकर उसके पास आई थी। वह टेंपो से घर लौट रही थी, इस बीच यह हादसा हो गया। चालक टेंपो छोड़कर भाग गया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि टेंपो को थाने पर लाया गया है। दूसरा हादसा शाम को ही टूंडला थाना क्षेत्र के उसायनी में हुआ। यहां टेंपो ट्रक में घुस गया। हादसे में आगरा निवासी महिला की मौत हो गई। आगरा के संजय पैलेस निवासी 50 वर्षीय मीना देवी पत्नी राजकुमार आगरा में फ्लावर पाट बेचने का कार्य करती थी। वह टेंपो से फ्लावर पाट खरीदने फीरोजाबाद आ रही थी। उसायनी क्षेत्र में टेंपो वैष्णो देवी धाम के सामने किसी जानवर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गया। मीना की मौके पर मौत हो गई। दोनों शवों को पुलिस ने पीएम के लिए भिजवाया।