आगरा कानपुर हाईवे पर राहत, टूंडला टोल प्लाजा पर नहीं करना पड़ेगा इंतजार; लेन हुईं तय
आगरा-कानपुर हाईवे पर टूंडला टोल प्लाजा पर वाहनों की बढ़ती संख्या और जाम से निपटने के लिए लेन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है। अब कार और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित की गई हैं, साथ ही नकद भुगतान बंद कर केवल डिजिटल माध्यम से टोल लिया जा रहा है।
-1795276163121_m.webp)
टूंडला टोल प्लाजा पर लेन निर्धारण कराते कर्मचारी।
संवाद सूत्र, टूंडला ( फिरोजाबाद)। आगरा कानपुर हाईवे पर टूंडला टोल प्लाजा पर वाहनों की बढ़ती संख्या और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लेन व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया है। अब कार और अन्य चार पहिया हल्के वाहनों के लिए तीन-तीन लेन निर्धारित की गई हैं, जबकि भारी वाहनों के आवागमन के लिए चार लेन बनाई गई हैं।
इस व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों को उनकी श्रेणी के अनुसार निर्धारित लेन से निकालना और अनावश्यक जाम की स्थिति बनने से रोकना है। टोल प्लाजा के मैनेजर धीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कारों के लिए निर्धारित लेन में कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। भारी वाहनों को अलग लेन से ही गुजरना होगा। इससे कारों और भारी वाहनों के बीच होने वाली अव्यवस्था को कम करने में मदद मिलेगी।
अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए लेन निर्धारित होने से टोल पर वाहनों का संचालन भी सुचारू रहेगा। टोल प्लाजा से प्रतिदिन करीब 18 से 20 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें लगभग 10 हजार चार पहिया वाहन शामिल होते हैं। वाहनों की इतनी बड़ी संख्या के चलते टोल प्लाजा पर यातायात का दबाव बना रहता है।
खासकर व्यस्त समय में वाहनों की कतारें लगने की आशंका रहती है। ऐसे में लेन व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है, ताकि वाहन बिना अनावश्यक रुकावट के टोल पार कर सकें।
कैश भुगतान पूरी तरह बंद
टोल प्लाजा पर नकद भुगतान की व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी गई है। अब वाहन चालक यूपीआइ या फास्टैग के माध्यम से ही टोल शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। डिजिटल भुगतान से नकदी लेने और वापस करने में लगने वाला समय बचेगा, जिससे वाहनों की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है।
टोल प्लाजा के उप महाप्रबंधक दिनेश कुमार ने बताया कि यदि वाहन चालक नियमों का पालन करते हुए अपनी श्रेणी की लेन से गुजरेंगे तो टोल प्लाजा पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।