पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि-फोटो-4
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 29वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कांग्रेसियों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र के सामने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
बाइपास रोड स्थित जिला कार्यालय घर संसार पर जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं संचार क्रांति के जनक स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक भारत का सपना देखने वाले राजीव गांधी चाहते थे, कि देश का युवा, किसान, मजदूर हर प्रकार से संपन्न हो। क्योंकि इनकी संपन्नता से ही देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकेगा। आज देश में संचार क्रांति, पंचायती राज, युवाओं को 18 साल की उम्र में वोट डालने का अधिकार भी पूर्व प्रधानमंत्री की देन हैं। अगर वह आज जीवित होते तो देश महाशक्ति की दिशा में आगे बढ़ता। इस दौरान धर्म सिंह यादव, मनोज भटेले, कमलेश जैन आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद बेग के नेतृत्व में कश्मीरी गेट स्थित कैम्प कार्यालय पर पदाधिकारियों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र के सामने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भारत के आधुनिक निर्माण का सपना देखा था, लेकिन क्रूर हाथों ने आज ही के दिन उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। इस दौरान प्रकाश निधि गर्ग, सौरभ पोरवाल, अमित पचौरी, शमशुल खां, आजिम इरफान, वकार अहमद, वकार खालिक, अतुल पोरवाल, चमन राठौर आदि मौजूद रहे।