टूंडला-राशन डीलर के विरोध में ग्रामीणों की भूख हड़ताल
मजरा ठार गंगाराम में राशन डीलर की मनमानी के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीण।
संवाद सहयोगी, टूंडला: राशन डीलर की मनमानी के विरोध में ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने डीलर पर मनमानी करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत एलई के मजरा ठार गंगाराम में मंगलवार को भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही तौल कम दी जाती है। कई ग्रामीणों के नाम भी राशन कार्ड से कटवा दिए गए हैं। मनमानी को लेकर ग्रामीणों ने पहले भी उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा। वह भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। हड़ताल में दामोदर निषाद, सुनील कुमार, श्रीकिशन, रनवीर सिंह, संजय कुमार, जगदीश कुमार, गिर्राज सिंह, जयचन्द्र, शारदा देवी, फूलवती, लटूरी सिंह, बृजवासी, भुरिया देवी, देवेन्द्र, मनोज आदि प्रमुख हैं।