कहां से गुजरें साहब, कच्ची गली भी बन गई नाला
छोटेलाल स्कूल से रामनगर की ओर जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील गलियों में सफाई को नहीं पहुंचते कर्मचारी पोलों पर लगी एलईडी खराब
फीरोजाबाद, जासं, लाइनपार क्षेत्र के वार्ड 42 रामनगर में सालों बाद भी लोग विकास को तरस रहे हैं। मेहताब नगर में तो कच्ची गली ने नाले का रूप ले लिया है, जहां पैदल गुजरना तक मुश्किल है। दलदल युक्त कच्ची गलियों में आसपास के लोग मरे हुए जानवर डाल जाते हैं। इसकी दुर्गंध ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है।
जागरण आपके द्वार अभियान के तहत टीम रामनगर हास्पीटल वाली गली में पहुंची। इस गली में जगह-जगह गहरे गड्ढे नजर आए। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने पर नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। थोड़ा आगे मेहताब नगर में हालात नारकीय नजर आए। नई आबादी की ओर जाने वाली कच्ची गली में मिनी नाले का रूप ले लिया है। 15 मीटर चौड़ी गली में दलदल जैसे हालात नजर आए। लोगों ने बताया कि कच्ची गली में हालात इतने गंभीर हैं कि यहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल है। मार्ग से गुजरते समय हर रोज लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। लाइनपार क्षेत्र के छोटेलाल स्कूल से रामनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे नजर आए। जबकि इसी मार्ग से होकर हर रोज शवयात्राएं गुजरती हैं। शवयात्रा में शामिल लोगों को छारबाग स्वर्गाश्रम तक पहुंचने में तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। छारबाग क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति खराब दिखी। नई आबादी सहित आसपास के क्षेत्र में विद्युत पोलों पर लगी एलईडी लाइट भी बंद मिली। वार्ड पर एक नजर.
आबादी: 18 से 20 हजार।
समस्या: कच्ची व गड्ढा युक्त सड़कें, नालियों से गुजरती पाइप लाइनें, सफाई व्यवस्था बदहाल।
मुहल्ले: रामनगर, छारबाग, गुरु नगर, महताब नगर, रघुवीर नगर, नई आबादी। -मेहताब नगर में आठ साल में कच्ची गली का निर्माण नहीं हो सका है। कच्ची गली से गुजरते समय आएदिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। दुर्गंध के कारण सांस लेना भी हो रहा है। नगर निगम में कोई सुनवाई नहीं हो रही। - जनवेद सिंह - रामनगर में जलनिगम द्वारा सीवर चैंबर बनाए गए हैं, जो साल भर से चोक पड़े हैं। सीवर लाइन की सफाई के लिए कई बार नगर निगम व जल निगम में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक सीवर लाइन साफ नहीं कराई गई। - महेंद्र सिंह - छारबाग क्षेत्र में कई दिन तक सफाई कर्मचारी नजर नहीं आते। सफाई न आने से गलियों में जगह-जगह के ढेर लगे रहते हैं। नालियां चोक होने के कारण दुर्गंध उठ रही हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं।
- गुड्डी देवी - नई आबादी क्षेत्र की कच्ची गलियों का नगर निगम द्वारा अब तक निर्माण नहीं कराया है। वार्ड में पहले से बनी पक्की गलियों में सीसी सड़कें बन रही हैं, कच्ची गलियों का निर्माण कराने पर नगर निगम द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
-भूरी देवी - वार्ड के हजारों लोगों की समस्या को देखते हुए रामनगर हॉस्पीटल वाली गली के निर्माण के लिए 14वें वित्त में प्रस्ताव पास कराया गया था। कार्य शुरू होने से पहले ही शिकायत होने के कारण अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। सीवर कनेक्शन के संबंध में जलनिगम में कई बार लिखित शिकायत की गई, लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संतोषी राठौर, पार्षद