जीत की खातिर सपा ने फिर खेला विजय पर दांव
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हो रहे उपचुनाव में विजय प्रताप फिर
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हो रहे उपचुनाव में विजय प्रताप फिर से सपा प्रत्याशी होंगे। भाजपा ने अविश्वास प्रस्ताव पास करा कर उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया था, लेकिन सपा ने फिर से विजय पर दांव खेला है। जिला इकाई ने उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने पर मुहर लगा दी है। इधर जानलेवा हमले के आरोप में वांछित चल रहे विजय बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं।
वर्ष 2015-16 में हुए जिला पंचायत चुनाव में सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम यादव के पुत्र विजय प्रताप यादव निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। उन्हें निर्विरोध निर्वाचित कराने की कमान खुद सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने संभाली थी, इसलिए 33 में से अन्य किसी सदस्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया। सभी सदस्यों ने विजय पर अपना भरोसा जताया, लेकिन सूबे में सत्ता बदलते ही उनका विश्वास कम होने लगा। उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी से हटाने की कोशिश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ठा. जयवीर ¨सह के नेतृत्व में शुरू हुई। इसमें सफलता भी मिली। 20 जुलाई को विजय के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया।
अब चुनाव आयोग ने रिक्त पद को भरने के लिए उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। 12 मार्च को नामांकन होना है। कुर्सी की जंग अब भी सपा और भाजपा के बीच में ही है। सपा ने तय कर लिया है कि उपचुनाव में भी अध्यक्ष पद के लिए विजय ही पार्टी के प्रत्याशी होंगे। हालांकि इस बार विजयश्री हासिल करना विजय प्रताप के लिए आसान नहीं होगा। पंचायत चुनाव के दौरान हुई मारपीट एवं जानलेवा हमले की एक घटना में वह और उनके पिता साजिश रचने के आरोपी हैं। कोर्ट से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर किया था, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। विजय प्रताप बुधवार को सरेंडर कर सकते हैं। इसके बाद भी सपा उन्हें चुनाव जिताने की तैयारी कर रही है।
---------
भाजपा तय नहीं कर सकी प्रत्याशी
सपा जहां विजय को फिर से जिपं अध्यक्ष बनाने की तैयारी कर रही है, वहीं भाजपा अपना प्रत्याशी भी घोषित नहीं कर सकी है। हालांकि एक नाम पर विचार चल रहा है, लेकिन पार्टी पत्ते खोलने से पहले पूरी चुनावी रणनीति तैयार करना चाहती है। भाजपा जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा का कहना है प्रत्याशी का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। अभी मंथन चल रहा है। प्रत्याशी के चयन को लेकर दो दौर की बैठक हो चुकी है। जल्द ही घोषणा की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि सौ फीसद पार्टी ही चुनाव जीतेगी। वहीं पूर्व मंत्री ठा. जयवीर ¨सह ने दावा किया है कि भाजपा का प्रत्याशी लगभग तय है तथा जल्द घोषणा की जाएगी। जिपं अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा का ही कब्जा होगा।
हम डरने वाले नहीं-विजय
'सपा ने फिर से मुझे प्रत्याशी बनाया है। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल, सांसद अक्षय यादव एवं अन्य नेताओं ने जो भरोसा दिखाया है उसे टूटने नहीं दिया जाएगा। हमारे पास बहुमत से अधिक सदस्यों का समर्थन है। भाजपा नेता इस प्रयास में हैं हमें चुनाव न लड़ने दिया जाए। इसलिए हमारा और हमारे पिता का उत्पीड़न किया जा रहा है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। चुनाव जरूर लड़ेंगे, परिणाम चाहे जो हो।'
-विजय प्रताप यादवपूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष